अमरोहा में 35 करोड़ की लागत से बनेगी दो बड़ी सड़कें, 20 से अधिक गांव वालों को होगा फायदा
अमरोहा के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में 35 करोड़ से अधिक की लागत से दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दी है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
हसनपुर में 35 करोड़ से अधिक की दो सड़कें स्वीकृत।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति।
20 से अधिक गांवों और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, हसनपुर। विधानसभा क्षेत्र में 35 करोड़ से अधिक की दो बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी के प्रयासों व प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को अपनी वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
विधायक ने बताया कि एक सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग से बिजौरा रखेडा, भीमा ठीकरी एवं लुहारी खादर होते हुए हसनपुर दयावली खालसा मार्ग तक 8.150 किमी लंबी सड़क के लिए 18 करोड़, 38 लाख, 26 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
दूसरी सड़क हसनपुर रहरा मार्ग से शाहपुर कला, करनखाल होते हुए गंगाचोली तक 6.500 किमी लंबी सड़क के लिए 16 करोड़, 86 लाख, 30 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।
विधायक ने कहा कि इन दोनों सड़कों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के बाद हसनपुर क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों की जनता तथा गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। वहीं क्षेत्र के लोगों को नेशनल हाईवे तक पहुंचाने के लिए दूरी भी काफी कम हो जाएगी।
