प्रेमी की शादी में गोद में बच्चा लेकर दिल्ली से अमरोहा पहुंची प्रेमिका, दुल्हन की विदाई से पहले खुली दूल्हे की पोल
दिल्ली से अमरोहा पहुंची एक महिला ने शादी समारोह में हंगामा कर दूल्हे को अपना प्रेमी और बच्चे का पिता बताया, जिससे दुल्हन की विदाई रुक गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दिल्ली से आई प्रेमिका ने शादी में हंगामा किया।
दूल्हे को अपने बच्चे का पिता बताया, विदाई रुकी।
पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लिया, समझौता जारी।
संवाद सूत्र, अमरोहा। बैंक्वट हाल में चल रही दुल्हन की विदाई कार्यक्रम में उस समय बखेड़ा हो गया, जब दिल्ली के उत्तमनगर निवासी महिला वहां पहुंची तथा खुद को दूल्हा की प्रेमिका व उसके एक बच्चे की मां बताया। उसने सामान भी फेंक दिया। यह सुनकर दुल्हन पक्ष के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने विदाई को रोक दिया।
पुलिस बुला ली तो पुलिस आरोपित दूल्हा को लेकर चौकी पहुंच गई। जबकि युवती को समझा कर दिल्ली में कार्रवाई कराने की बात कहते हुए वापस भेज दिया। वहीं मामला खुलकर सामने आने के बाद दोनों पक्षों में समझौता का प्रयास शुरू हो गया। दूल्हा का दावा है कि रविवार सुबह उसने दुल्हन को काल कर तलाक दे दिया है। जबकि दुल्हन के स्वजन तलाक से इन्कार कर रहे हैं।
यह मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाला युवक दस साल से दिल्ली में मार्केटिंग कंपनी में नौकरी करता है तथा उत्तम नगर में किराए के मकान में रहता है। शनिवार दो युवक की शादी थी तथा बैंक्वट हाल में बरात गई थी। शाम को निकाह होने के बाद दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दिल्ली के उत्तम नगर निवासी एक महिला वहां पहुंची तथा दूल्हा को अपना प्रेमी बता कर हंगामा शुरू कर दिया।
युवक और महिला के बीच छह साल से चल रहा प्रेम प्रसंग
उसका कहना था कि जिस मकान में युवक किराए के मकान में रहता है वहां पर वह भी अपने पति व तीन बच्चों के साथ रहती है। आरोप है कि युवक व महिला के बीच छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक ने शादी करने का झांसा देकर पति से भी तलाक करा दिया है। दो साल का एक बेटा प्रेमी का है। यह सुनकर दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए तथा उन्होंने बेटी की विदाई रोक दी। हंगामा कर रही महिला ने सामान फेंक दिया।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस मौके पर पहुंची तथा दूल्हा व युवती को जिवाई चौकी ले आई। यहां पर पुलिस ने महिला को दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात समझा कर वापस भेज दिया है। वहीं दूल्हा व दुल्हन पक्ष के बीच क्षेत्र के लोग समझौता कराने में जुटे हैं।
रविवार को दूल्हा ने बताया कि उसने मोबाइल पर काल कर दुल्हन को तलाक दे दिया है। जबकि दुल्हन व उसके स्वजन तलाक से इन्कार कर रहे हैं। देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी तथा दोनों पक्षों में समझौते के लिए पंचायत चल रही थी।
चूंकि पूर्व का घटनाक्रम दिल्ली का है तो महिला को कार्रवाई के लिए दिल्ली ही भेजा गया है। फिलहाल दूल्हा पुलिस हिरासत में है। दोनों पक्षों में समझौता का प्रयास जारी है। कोई तहरीर भी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ही अग्रिम कार्रवाई होगी। -मनोज कुमार प्रभारी निरीक्षक।
अगर दूल्हा मोबाइल कॉल पर तलाक देने की बात कह रहा है तो उसके लिए कोई गवाह का होना जरुरी है। या फिर उससे यह बात हलफिया (कसम) के साथ कहलवाई जाए तो ही शरीयत के मुताबिक तलाक का मामला बनता है। ऐसे में दुल्हन के बयान भी अहम हैं। -कारी मैराज हसन, सचिव रजा रुयते हिलाल कमेटी जोया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।