2019 में दाखिला, 2024 में मिली BALLB की डिग्री... सत्यापन हुआ तो श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी में उड़े होश
श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में एक छात्र ने फर्जी इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र जमा कर बीएएलएलबी की डिग्री हासिल की। सत्यापन में ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, अमरोहा। श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में इंटरमीडिएट का फर्जी प्रमाण पत्र जमा कर बीएएलएलबी की डिग्री हासिल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले का खुलासा होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के पश्चिमी विहार निवासी दीपक नंदा ने वर्ष 2019 में श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में बीएएलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। वर्ष 2024 में उसने अपनी पढ़ाई पूरी कर डिग्री भी हासिल कर ली।
दाखिले के दौरान आरोपी ने जम्मू-कश्मीर राज्य स्कूली शिक्षा बोर्ड का इंटरमीडिएट का प्रमाण पत्र जमा किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जब इस प्रमाण पत्र का सत्यापन जम्मू-कश्मीर बोर्ड से कराया गया, तो जांच में दस्तावेज फर्जी पाया गया।
इसके बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अरुण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दीपक नंदा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- वकील, गवाह से लेकर मेहर की रकम तक... अमरोहा में 155 साल पुराने रजिस्टर में दर्ज हैं पूर्वजों के निकाह की परतें
