अमरोहा में 5 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रीयल जोन, युवाओं को एक ही जगह मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार
अमरोहा में सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रीयल जोन स्थापित होगा, जिससे युवाओं को एक ही जगह प्रशिक्षण और रोजगार मिलेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
अमरोहा में सरदार पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रीयल जोन स्थापित होगा।
पांच एकड़ में बनेगा यह जोन, जमीन की तलाश जारी।
युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और पलायन रोकने का लक्ष्य।
जागरण संवादाता, अमरोहा। प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास कर रही है। इसके लिए जनपद में सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रीयल जोन स्थापित किया जाएगा। इसमें एक ही जगह न सिर्फ उद्योगों की स्थापना होगी बल्कि प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को नौकरी दी जाएगी।
पांच एकड़ जमीन में उसको बनाया जाएगा। प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। औद्योगिक नगरी गजरौला क्षेत्र में भूमि तलाशी जा रही है। तहसील के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जमीन मिलते ही अगली कार्रवाई प्रशासन शुरू करेगा।
जनपद में करीब चार हजार औद्योगिक इकाईयां हैं। इनमें बड़ी व छोटी सभी सम्मिलित हैं। अकेले गजरौला क्षेत्र में ही 1500 से अधिक इकाईयां हैं। औद्योगिक इकाईयों से 80 हजार से अधिक मजदूर जुड़े हैं। लेकिन, सरकार अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की कोशिश में लगी है।
इसके लिए नई औद्योगिक इकाईयों की स्थापना की जा रही है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण आदि उपलब्ध करा रही है। लेकिन, अब सरकार जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रीयल जोन बनाने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
प्रशासन ने उसके लिए जमीन को खोजने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। सीडीओ एके मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा जमीन चिन्हित करने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व व सभी एसडीएम को कहा गया है।
यह है जोन स्थापित करने के पीछे मंशा
सरकार की मंशा है कि यह जोन इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रीयल और इम्प्लायमेंट इकोसिस्टम के रूप में कार्य करे। जहां उद्योग, प्रशिक्षण और सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हों।
उद्योग स्थापित करने के साथ-साथ युवाओं को प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और उद्यमिता से जोड़ना परियोजना का मुख्य उद्देश्य हैं। प्रशिक्षण पाने वाला कोई भी युवक बेरोजगार न रहे। उसको जनपद में ही रोजगार मिले। दूसरे शहरों में जाने से युवाओं के पलायन को रोका जाए।
