भव्य और दिव्य होगा इस बार का 'तिगरी मेला', श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई विशेष सुविधाएं
इस बार के तिगरी गंगा मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बार का मेला भव्य ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
मेला क्षेत्र में मार्गों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण मुक्त होंगे रास्ते।
श्रद्धालुओं के लिए शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था।
सुरक्षा हेतु पुलिस बल, सीसीटीवी, यातायात प्रबंधन, छह हजार पौधे।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। आगामी तिगरी गंगा मेला की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने तिगरी गांव स्थित अंगूरी देवी धर्मशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और निर्देश दिए कि मेला की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। ताकि, श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
पिछले साल की अपेक्षा इस बार मेला को भव्य व आकर्षक बनाया जाए। किसी भी व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए अधिकारी पूरी निष्ठा, लगन एवं जिम्मेदारी के साथ तैयारियां समय से पूरा कर लें।
इसके बाद डीएम व एसपी लखन सिंह यादव ने मेला स्थल का भ्रमण किया। इस बीच उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए गंगा मेला को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने में अपना पूर्ण योगदान दें। इस मौके पर सीडीओ एके मिश्र, एडीएम वित्त गरिमा सिंह, एसडीएम धनौरा शैलेश कुमार दुबे, सीओ अंजलि कटारिया आदि मौजूद रहे।
मार्ग, घाट एवं मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
मेला क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मार्गों के चौड़ीकरण की व्यवस्था होगी। मेला क्षेत्र एवं घाटों तक जाने वाले रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न रहने दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों से लेकर मुख्य मार्गों तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम एवं बेरीकेडिंग की व्यवस्था बेहतर रहेगी।छह हजार पौधे लगाए जाएंगे
मेला परिसर में मोबाइल नेटवर्क की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। हरित व्यवस्था लागू रहेगी। छह हजार पेड़-पौधों लगाए जाएंगे। अग्निशमन विभाग को फायर स्टेशन एवं संसाधन की व्यवस्था की जाएगी। आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहेंगी, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सुरक्षा, यातायात एवं सीसीटीवी व्यवस्था रहेगी मजबूत
एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि गंगा मेला को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। प्रमुख घाटों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा निगरानी को प्रभावी बनाया जाएगा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी।
