विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में आवारा कुत्तों और बंदरों का तांडव: 15 लोगों को काटा, बकरी पर हमला; इलाकों में दहशत का माहौल

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:50 PM (IST)

अमरोहा में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक चरम पर है, हाल ही में 15 लोगों पर हमला हुआ और ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. पतेई खालसा में घर में बंधी बकरी को घायल किया

जागरण टीम, अमरोहा। जिले में आवारा कुत्ते व बंदरों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।मंगलवार को हसनपुर में कुत्तों के हमले में घायल लोगों की मौत भी हो चुकी है। मंगलवार को भी डिडौली, गजरौला व नौगावां सादात में कुत्तों ने पांच तो बंदरों ने 10 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया है। सभी ने सरकारी अस्पताल पहुंच कर एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया है। घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

गांव पतेई खालसा में सोमवार शाम आवारा कुत्ते नूरी मार्ग स्थित लक्ष्मण सिंह के घर में घुस गए। उनकी पत्नी शीला देवी घर पर थीं। इसी दौरान आवारा कुत्तों बकरी पर हमला कर घायल कर दिया। शीला देवी के शोर मचाने पर परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को दौड़ाया।

लोगों को आता देख कुत्ते जंगल की ओर भाग गए। घायल बकरे का पशु चिकित्सक से उपचार कराया जा रहा है। पंद्रह दिन पहले भी यहां कुत्ते घर में सो रहे डेढ़ साल के मासूम गवनीश को उठा कर ले गए थे तथा घायल कर दिया था। उधर मंगलवार को गजरौला के गांव तिगरी में आवारा कुत्तों ने अरुण कुमार पर हमला कर घायल कर दिया।

मुहल्ला मायापुरी में नवीन कुमार पर हमला किया। गांव शाहबाजपुर डोर में जयसिं, मुहल्ला सुल्तानगर में अंकित कुमार, मुहल्ला आजाद नगर में सतपाल सिंह व गांव भीखनपुर शुमाली में रिया पर हमला कर घायल कर दिया। सभी लोगों को अलग-अलग समय पर हमला कर घायल कर दिया है।

उधर नौगावां सादात के गांव मोहनपुर शुमाली में बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बंदर घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं।

पूर्व जिपं सदस्य ओमप्रकाश दिवाकर सिंह ने बताया कि बीते तीन दिन के भीतर बंदरों ने उनके साथ ही गांव के यशपाल सैनी, विपिन सैनी, अरुण और लोकेंद्र दिवाकर, सतेंद्र व माया देवी समेत कई लोगों पर हमला कर घायल कर दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए कई बार वन विभाग से शिकायत कर उन्हें पकड़वाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई टीम गांव नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में रोष है।

सुबह से लगी रही इंजेक्शन लगवाने वालों की भीड़

मंगलवार को सीएचसी में सुबह से ही एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। अस्पताल में शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों से भी लोग पहुंचे। चिकित्सा केंद्र अधीक्षक डा. पल्लवी गंगवार ने बताया कि सोमवार को 65 से अधिक लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीएचसी में एंटी रैबीज इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

इन स्थानों पर अधिक दिखाई देते हैं आवारा कुत्ते और बंदर

नगर के मोहल्ला अतरपुरा, रेलवे फ्लाईओवर, इंदिरा चौक, रेलवे स्टेशन, बस्ती रोड और चौपला सहित कई स्थानों पर आवारा कुत्तों और बंदरों की काफी संख्या देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या लगातार बढ़ने के बावजूद नगर पालिका की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़ने तथा लोगों को राहत दिलाने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- 'पूरे मकान पर चलाओ बुलडोजर...' अमरोहा में बेटे के हत्यारे की संपत्ति ध्वस्त होने पर भी टंकी पर चढ़ा पिता