'पूरे मकान पर चलाओ बुलडोजर...' अमरोहा में बेटे के हत्यारे की संपत्ति ध्वस्त होने पर भी टंकी पर चढ़ा पिता
अमरोहा के नौगावां सादात में सुधांशु हत्याकांड के आरोपी अरविंद के अवैध मकान को ध्वस्त किया गया। इस दौरान मृतक ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, अमरोहा। नौगावां सादात के गांव गुलडिया के सुधांशु हत्याकांड में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आरोपित का अवैध मकान ध्वस्त करने पहुंचे। 13 अगस्त को की गई पैमाइश के आधार पर 60 वर्ग गज ग्राम समाज की जमीन पर उसका मकान बना था। जिसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
इसी दौरान मृतक के पिता कीर्तिपाल पानी की टंकी पर चढ़ गए तथा आरोपित का सारा मकान ध्वस्त कराने की मांग करने लगे। वहीं मृतक के परिवार की महिलाएं व अन्य लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। देर शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझा कर मामला शांत कराने में जुटे थे। वहीं आरोपित के मकान की दोबारा से पैमाइश कराई जा रही है।
दरअसल नौ अगस्त को 60 हजार रुपये के विवाद में गुलड़िया निवासी अरविंद कुमार ने गांव के ही सुधांशु प्रजापति को सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि अरविंद पर सुधांशु के 60 हजार रुपये उधार थे, जिसका वह सुधांशु की सीमेंट की दुकान से सामान लेकर आया था।
जबकि अरविंद का कहना था कि सुधांशु ने उससे कुछ पैसे ब्याज पर लिए थे, सामान के पैसे ब्याज में कट गए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। हत्या के मामले में सुधांशु के पिता कीर्तिपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अरविंद समेत पांच लोगों को नामजद किया था।
अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना की वीडियो भी इंटरनेट मीडिया प्रसारित हुई थी। स्वजन की मांग थी कि आरोपित का घर बुलडोजर से ध्वस्त किया जाना चाहिए। लिहाजा 13 अगस्त को की गई राजस्व विभाग की पैमाइश में आरोपित के मकान का लगभग 60 गज हिस्सा ग्राम समाज की जमीन में बना मिला था।
नियमानुसार मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम व पुलिस सुबह 11 बजे गांव पहुंच गई तथा अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। इसी बीच मृतक सुधांशु के पिता कीर्तिपाल सिंह लगभग एक बजे गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ गए तथा आरोपित का सारा मकान ध्वस्त कराने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि मकान ध्वस्त नहीं किया गया तो वह टंकी से कूद कर आत्महत्या कर लेंगे।
वहीं परिवार की महिलाएं व अन्य लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया था। देर शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझा कर नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हैं। जबकि राजस्व विभाग की टीम दोबारा से जमीन की पैमाइश कर रही है। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि कीर्तिपाल सिंह को को टंकी से उतारने का प्रयास जारी है।
