विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल में बंदरों का तांडव: छात्र को बचाने दौड़े 2 शिक्षक भी लहूलुहान, खुद को कमरों में बंद करने को मजबूर

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:25 PM (IST)

जोया (अमरोहा) के एक संविलियन विद्यालय में बंदरों के झुंड ने छात्र पर हमला कर दिया, जिसे बचाने आए दो ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. अमरोहा के जोया का मामला, लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में फैली दहशत

  2. 15 दिन पहले भी स्कूल में घुसकर एक शिक्षक व छात्रा को किया था घायल

संवाद सूत्र, डिडौली (अमरोहा)। तेंदुए, आवारा आतंक बने कुत्तों के अलावा जोया में बंदरों का भी आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को संविलियन विद्यालय में फिर से घुसे बंदरों के झुंड ने दहशत फैला दी। अफरा-तफरी के बीच एक छात्र अरुण पर हमला कर दिया। बचाने की कोशिश में शिक्षक पूजा और तरुण भी घायल हो गए।

परिसर में बंदरों के आतंक से दहशत में आए स्टाफ ने क्लास में विद्यार्थियों व खुद को बंद कर लिया। यही नहीं, कस्बे में ही दो अन्य लोगों को भी लहूलुहान कर दिया। स्कूल में बंदरों के हमले की पहली वारदात नहीं है।

करीब 15 दिन पहले भी बंदर इसी स्कूल में शिक्षक और छात्रा को घायल कर चुके हैं। लगातार हो रहे हमलों से विद्यालय के बच्चों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ में दहशत है। नगर पंचायत के ईओ विपिन सेंगर ने बताया कि बंदरों को पकड़ने को अभियान चलाया जाएगा।

कस्बा जोया पोस्ट आफिस के पास स्थित संविलियन विद्यालय में मंगलवार को भी रोज की तरह पढ़ाई-लिखाई चल रही थी। कक्षा सात का छात्र अरुण कुमार विद्यालय परिसर में था। इसी दौरान बंदरों का झुंड विद्यालय परिसर में आ धमका।

इससे पहले कि अरुण भागकर क्लास तक पहुंच पाता, बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। छात्र की चीख सुनकर शिक्षक पूजा और तरुण राणा छात्र अरुण को बचाने के लिए दौड़े। इस पर झुंड के कुछ बंदरों ने दोनों पर भी हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए।

घटना से विद्यालय में अफरातफरी मच गई। करीब आधा घंटा बाद बंदरों का झुंड विद्यालय परिसर से हटा तो सहायक अध्यापिका मंजीत रानी व अन्य घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया लेकर पहुंचीं। वहां छात्र व स्टाफ की मरहमपट्टी कराई गई।

छात्र को एंटी रेबीज वैक्सीन भी लगाई गई। विद्यालय स्टाफ के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी बंदरों ने परिसर में अध्यापिका ज्योति मलिक और कक्षा सात की छात्रा अर्शिफा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।

लगातार हो रहे हमलों से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में भय बना हुआ है। बंदरों के आतंक से परेशान विद्यालय की अध्यापिकाओं ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर बंदरों को जल्द से जल्द पकड़वाने की शिकायत दर्ज कराई है।

उधर, मंगलवार को कस्बे में बंदरों ने विजय कुमार और मोहम्मद इदरीस पर भी हमला कर घायल कर दिया। दोनों का उपचार कराया गया है। लगातार हो रही घटनाओं से कस्बे में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- क्रिकेटर शमी के बाद अब भाई कैफ विवादों में: शादी का झांसा देने के आरोप में FIR दर्ज, अमरोहा का चर्चित परिवार फिर सुर्खियों में