विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'एक कचौड़ी-दो समोसा' स्लोगन पर अमरोहा के सरकारी स्कूल के बच्चों ने बनाया वीडियो, प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:13 AM (IST)

अमरोहा के एक कंपोजिट विद्यालय के बच्चों का 'एक कचौड़ी, दो समोसा' स्लोगन बोलते हुए वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

HighLights

  1. अमरोहा स्कूल बच्चों का 'कचौड़ी समोसा' वीडियो वायरल हुआ।

  2. शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  3. प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया, कार्रवाई होगी।

संवाद सूत्र, अमरोहा। गजरौला क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय के बच्चों का एक कचौड़ी, दो समोसा....स्लोगन बोलते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

मंगलवार देर शाम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए इस वीडियो में स्कूली ड्रेस पहने कुछ बच्चे एक कमरे में नजर आ रहे हैं। वीडियो में बच्चे मजाकिया अंदाज में ट्रेंड कर रहे नारे को बोलते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद से ही वीडियो को विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

जांच के दिए गए आदेश

प्रसारित वीडियो गजरौला ब्लॉक क्षेत्र के गांव सलेमपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय का बताया जा रहा है। मंगलवार को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अवकाश पर थीं। उनकी अनुपस्थिति में सहायक अध्यापिका के पास विद्यालय का चार्ज था।

हालांकि, वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और इसकी वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी जांच की जा रही है। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आरती गुप्ता ने बताया कि प्रसारित वीडियो की जांच की जा रही है।

संबंधित विद्यालय में पहुंचकर मामले की पड़ताल की जाएगी। प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पितृ अमावस्या पर अमरोहा के तिगरी और ब्रजघाट में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लोगों ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी