विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में सड़क हादसा: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पलटा मैजिक, तिगरी मेला जा रहे 20 श्रद्धालु घायल

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:25 PM (IST)

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जोया के पास श्रद्धालुओं से भरी टाटा मैजिक का टायर फटने से वह पलट गई। इस हादसे में तिगरी मेले जा रहे 20 लोग घायल हो गए।

जोया के सरकारी अस्पताल में घायल परिवार।

जोया के सरकारी अस्पताल में घायल परिवार।

HighLights

  1. दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर टाटा मैजिक का टायर फटा।

  2. वाहन पलटने से तिगरी मेले जा रहे 20 लोग घायल।

  3. चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह।

संवाद सूत्र, जोया। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरे टाटा मैजिक का टायर फटने से वह पलट गया। हादसे में मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र के गांव बीना निवासी होराम सिंह के परिवार के 20 लोग घायल हो गए।

गनीमत रही कि पीछे से आ रहे अन्य वाहनों के चालकों ने समय रहते ब्रेक लगा दिए। सभी घायलों का उपचार सीएचसी में कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लगभग आधा घंटा तक जाम जैसे हालात बने रहे।

गांव बीना निवासी होराम सिंह रविवार को अपने परिवार के लोगों के साथ टाटा मैजिक वाहन में सवार होकर गजरौला के तिगरी मेले में जा रहे थे। वाहन को गांव का ही विवेक कुमार चला रहा था। वाहन में बड़े व बच्चे समेत 20 लोग सवार थे।

दोपहर लगभग दो बजे हाईवे पर कस्बा में एक बैंक्वट हाल के सामने पहुंचे तो टाटा मैजिक का अगला टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया।

हादसे में वाहन में सवार महिला, पुरुष और बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव का कार्य शुरू किया।

घायलों में विमला, मलखान सिंह, शिवांगी, शौर्य वीर सिंह, राहुल कुमार, राजीव कुमार, विवेक कुमार, सोनम सिंह, राधिका, मंजू सिंह, होराम सिंह, राज गब्बर सिंह, विशेष कुमार, बबलू सिंह, जितेंद्र सिंह, रुकमेश सिंह, रजनी देवी और रामचंद्र सिंह शामिल हैं।

जोया चौकी प्रभारी सुधीर कुमार और सीसी टीम प्रभारी विनोद राठी ने लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल स्वजन के साथ तिगरी मेले के लिए रवाना हो गए।

घर से निकलते ही तेज गति से चला रहा था चालक

हाईवे पर टाटा मैजिक का टायर फटने के बाद पलटने पर घायल हुए होराम सिंह ने बताया घर से चलने के बाद चालक विवेक मैजिक बहुत तेज चला रहा था। हमने मना भी किया, लेकिन सुना नहीं।

घायल रामचंद्र सिंह का कहना था कि एक तो सामान ऊपर से बच्चों सहित 20 सवारी। हमने चालक को गाड़ी तेज चलाने पर जोया में रोक कर समझाया था। फिर भी नहीं माना और जोया से निकलते ही हादसा हो गया। भगवान का शुक्र है पीछे चल रहे वाहन चालकों ने ब्रेक लगा दिए नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।