रबी सीजन के लिए ऑनलाइन बीज बुकिंग शुरू, किसानों को ई-लॉटरी से मिलेगा बीज, आवेदन का आखिरी मौका
कृषि विभाग ने रबी सीजन के लिए बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की है, जिसमें किसान 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रबी सीजन के लिए बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई।
किसान 30 सितंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन।
बीजों पर 50% अनुदान, मिनीकिट मुफ्त मिलेगी।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। कृषि विभाग ने रबी सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उसके द्वारा सामान्य गेहूं, सरसों और अन्य बीजों की मिनीकिट के लिए बुकिंग की जा रही है। कोई भी किसान घर बैठकर ऑनलाइन बीज की बुकिंग कर सकता है। इसके लिए विभाग ने बेवसाइट जारी की है।
30 सितंबर तक ही किसानों को बुकिंग के लिए मौका दिया गया है। इसके बाद किसी की बुकिंग नहीं हो पाएगी। ई-लॉटरी के बाद किसानों को पोश मशीन से बीज का वितरण किया जाएगा जबकि, मिनीकिट मुफ्त में दी जाएगी।
ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही होगा वितरण
जनपद में 2.67 लाख किसान हैं। रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं, सरसों होती हैं। उनकी बोआई से पहले ही किसानों को बीज का वितरण करने का निर्णय विभाग ने लिया है, लेकिन यह वितरण ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही होगा। इसके लिए विभाग ने www.agriculture.up.gov.in बेवसाइट जारी की है। कोई भी किसान इस बेवसाइट पर जाकर सामान्य और मिनीकिट बीजों की बुकिंग कर सकता है।
किसी को भी विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने की कोई आवश्यकता नहीं है। बुकिंग में अगर किसी तरह की समस्या आ रही है तो किसान ब्लाक खंड स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी से संपर्क कर उसको दूर करवा सकते हैं। बुकिंग के बाद ई-लॉटरी की जाएगी।
इसके बाद किसानों को पोश मशीन से बीज का वितरण किया जाएगा। गेहूं सामान्य, सरसों सामान्य बीज व मिनीकिट बुकिंग के अंतिम तारीख 30 सितंबर निर्धारित की गई है। बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा और बीज की मिनीकिट निश्शुल्क दी जाएगी।
इस समय रबी सीजन के लिए बीजों की बुकिंग का काम चल रहा है। किसान ऑनलाइन बीज की बुकिंग करा सकते हैं। 30 तक ही यह सुविधा रहेगी। इसके बाद बुकिंग नहीं होगी।
-मनोज कुमार तोमर, जिला कृषि अधिकारी
यह भी पढ़ें- 'खरीफ और रबी सीजन के लिए उर्वरक आपूर्ति संतोषजनक', जेपी नड्डा ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
यह भी पढ़ें- यूपी में 13500 किसानों को फ्री मिलेगा सरसों और मसूर का बीज, पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करना अनिवार्य
