विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा: सपा विधायक के रिश्तेदार समेत 9 प्रशासक फंसे, बिना अनुमति उड़ाए 26 लाख रुपये; DM ने भेजा नोटिस

Published: Wed, 02 Sep 2026 05:42 PM (IST)

अमरोहा में बिना अनुमति लाखों रुपये खर्च करने के मामले में 9 प्रशासकों को नोटिस जारी किया गया है, जिसमें ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. बगैर कार्य योजना व बिना डीएम की अनुमति के पंचायतों में खर्च कर दी थी लाखों की धनराशि

  2. डीएम ने नौ प्रशासकों को जारी किए नोटिस, लिखित में जवाब देने के लिए एक सप्ताह की मोहलत

जागरण संवाददाता, अमरोहा। बगैर कार्य योजना और बिना डीएम की अनुमति के पंचायतों से लाखों की धनराशि निकालने के मामले में समाजवादी पार्टी से सदर विधायक व लोक लेखा समिति के सभापति महबूब अली के भाई की पत्नी हुस्न बानो समेत नौ प्रशासकों की गर्दन भी फंस गई है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ ने प्रशासकों व पंचायत सचिव को धनराशि गबन का दोषी माना है। सभी को नोटिस जारी किया है और एक सप्ताह के अंदर लिखित जवाब उपलब्ध कराने को कहा है। नौ प्रशासकों में छह महिला प्रशासक शामिल हैं।

इस गड़बड़झाले में पंचायत सचिव मोनू कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। जोया ब्लाक क्षेत्र की नौ पंचायतों में सचिव से साठगांठ कर प्रशासकों ने 26.88 लाख रुपये खर्च कर दिए थे।

इनकी न तो कार्य योजना बनाई गई थी और न ही डीएम से कोई अनुमति प्राप्त की गई थी। 26 मई को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। उसके बाद से प्रधान प्रशासक के रूप में काम कर रहे हैं।

पंचायत में नए काम कराने के लिए डीएम की अनुमति जरूरी है। लेकिन, ऐसा नही हुआ। घपलेबाजी का यह खेल तब पकड़ा गया था जब अफसरों ने 26 मई के बाद पंचायतों में कामों पर खर्च की गई धनराशि का ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर ब्योरा खंगाला।

पता चलने के बाद डीपीआरओ नितिन कुमार ने मामले की जांच को एडीओ पंचायत जोया राजवीर सिंह व एडीओ पंचायत अमरोहा मदनपाल सिंह को सौंपी थी। कमेटी ने जांच में गड़बड़ी पाई थी। कमेटी की जांच रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया था।अब मामले में फंसे प्रशासकों को डीएम ने नोटिस जारी किए हैं।

इसमें कूबी पंचायत की प्रशासक कुसुम देवी, ईंट का रढ़ा के प्रशासक भगवान सिंह, मंगूपुरा की प्रशासक सर्वेश, अटेरना की प्रशासक शीला देवी, सूदनपुर के प्रशासक लाल सिंह, गफ्फारपुर की प्रशासक आशा, शहवाजपुर कलां के प्रशासक नवनीत कुमार, शकरपुर समसपुर की प्रशासक हुस्न बानो, रजबपुर की प्रशासक सुम्बुल जहां शामिल हैं। शकरपुर-समसपुर की प्रशासक हुस्न बानो अमरोहा सदर विधायक महबूब अली के भाई शमशुद्दीन की पत्नी हैं।

जून व जुलाई माह में इन पंचायतों में बगैर अनुमति खर्च हुई धनराशि

रजबपुर पंचायत में 7,52,673 रुपये, शकरपुर समसपुर में 4,06,207 रुपये, सूदनपुर में 2,77,960 रुपये, मंगूपुरा में 2,58,945 रुपये, ईंट का रढ़ा में 2,41,362 रुपये, गफ्फारपुर में 2,30,541 रुपये, अटेरना में 1,91,310 रुपये, शहबाजपुर कला में 1,73,092 रुपये, कूबी में 155914 रुपये खर्च किए गए हैं।

 

जिलाधिकारी के जरिए नौ प्रशासकों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे एक सप्ताह के भीतर लिखित में जवाब मांगा गया है। अगर वह जवाब नहीं देते हैं तो अगली कार्रवाई की जाएगी।

- नितिन कुमार, डीपीआरओ


यह भी पढ़ें- अमरोहा में आवारा कुत्तों और बंदरों का तांडव: 15 लोगों को काटा, बकरी पर हमला; इलाकों में दहशत का माहौल