बिना इजाजत खर्च किए 26 लाख रुपये! DM नितिन गौड़ ने 7 प्रशासकों को हटाया, सपा विधायक महबूब अली के रिश्तेदार पर भी गिरी गाज
अमरोहा में बिना अनुमति 26.60 लाख रुपये खर्च करने के मामले में डीएम नितिन गौड़ ने सात प्रशासकों को पद ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
दो प्रशासकों ने दाखिल किया था जवाब, सौंपे थे निकाली गई धनराशि के साक्ष्य
जागरण संवाददाता, अमरोहा। बगैर कार्य योजना और बिना डीएम की अनुमति के पंचायतों से 26.60 लाख रुपये की धनराशि निकालने के मामले में फंसे प्रशासकों पर भी कार्रवाई हो गई है। डीएम डाॅ. नितिन गौड़ ने मामले को वित्तीय अनियमितता व शासकीय धनराशि का गबन मानते हुए सात प्रशासकों को पद से हटा दिया है और एडीओ पंचायत को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंप दी है।
दो प्रशासकों ने अपने अभिलेख प्रस्तुत कर दिए थे। जिसकी वजह से उन पर कार्रवाई नहीं हुई है। हटाए गए प्रशासकों में समाजवादी पार्टी के सदर विधायक महबूब अली के भाई शमशुद्दीन की पत्नी हुस्न बानो भी शामिल हैं।
जोया ब्लाक क्षेत्र की नौ पंचायतों में सचिव से साठगांठ कर प्रशासकों ने 26.60 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। इनकी न तो कार्य योजना बनाई गई थी और न ही डीएम से कोई अनुमति प्राप्त की गई थी। 26 मई को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।
उसके बाद से प्रधान प्रशासक के रूप में काम कर रहे हैं। पंचायत में नए काम कराने के लिए डीएम की अनुमति जरूरी है। लेकिन, ऐसा नही हुआ। घपलेबाजी का यह खेल तब पकड़ा गया था जब अफसरों ने 26 मई के बाद पंचायतों में कामों पर खर्च की गई धनराशि का ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर ब्योरा खंगाला।
डीपीआरओ नितिन कुमार ने मामले की जांच को एडीओ पंचायत जोया राजवीर सिंह व एडीओ पंचायत अमरोहा मदनपाल सिंह को सौंप दी थी। कमेटी ने जांच में गड़बड़ी पाई थी। उसकी रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने पंचायत सचिव मोनू कुमार को निलंबित कर दिया था।
डीएम ने प्रशासकों को नोटिस जारी किए थे। साक्ष्यों समेत 11 सितंबर तक जवाब मांगा था। लेकिन, सात प्रशासक उनको संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। कूबी पंचायत की प्रशासक कुसुम देवी व ईंट का रढ़ा के प्रशासक भगवान सिंह ने ही निकाली गई धनराशि का ब्योरा पेश किया था।
जांच में यह सही पाया गया। मामले को गंभीरता से डीएम ने मंगूपुरा की प्रशासक सर्वेश, अटेरना की प्रशासक शीला देवी, सूदनपुर के प्रशासक लाल सिंह, गफ्फारपुर की प्रशासक आशा, शहवाजपुर कलां के प्रशासक नवनीत कुमार, शकरपुर समसपुर की प्रशासक हुस्न बानो, रजबपुर की प्रशासक सुम्बुल जहां को पद से हटा दिया है।
जून व जुलाई माह में इन पंचायतों में बगैर अनुमति खर्च हुई धनराशि
रजबपुर पंचायत में 7,52,673 रुपये, शकरपुर समसपुर में 4,06,207 रुपये, सूदनपुर में 2,77,960 रुपये, मंगूपुरा में 2,58,945 रुपये, गफ्फारपुर में 2,30,541 रुपये, अटेरना में 1,91,310 रुपये, शहबाजपुर कला में 1,73,092 रुपये खर्च किए गए हैं।
वित्तीय अनियमितता मिलने पर सात प्रशासकों को पद से हटा दिया है। उनकी पंचायतों की जिम्मेदारी प्रशासक के तौर पर एडीओ पंचायत को सौंपी गई है। मामले में पंचायत सचिव पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
- नितिन गौड़, डीएम।
यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे: 146 किमी लंबे रूट के लिए जमीन खरीद तेज, 52 गांवों के किसानों को राहत
