विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेडिकल स्टोर किराए पर देने वाले सावधान! किराएदार ने की गड़बड़ी तो मकान-दुकान मालिक पर भी होगी FIR

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:04 PM (IST)

अब मकान व दुकान मालिकों को अपने किराएदार मेडिकल स्टोर संचालक का पूरा ब्योरा रखना होगा और नशीली व नकली ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. किराएदार मेडिकल स्टोर संचालक का रखेंगे पूरा ब्योरा, गलत काम की देंगे सूचनाएं

जागरण संवाददाता, अमरोहा। अब दुकान व मकान मालिक जासूस बनेंगे... यह बात सुनने में भले ही अटपटी लगे लेकिन, सच है। औषधि विभाग उनसे यह काम कराने की तैयारी कर चुका है। अगर किसी ने अपना मकान या दुकान मेडिकल स्टोर खोलने के लिए किराए पर दी है तो संचालक के बारे में उनको पूरा ब्योरा रखना होगा।

यदि वह नशीली व नकली दवाओं की बिक्री कर रहा है तो गोपनीय तरीके से विभाग को अवगत कराना होगा। नहीं कराया और छापे में नशीली दवाएं मेडिकल स्टोर में पकड़ी जाती हैं तो संचालक के साथ-साथ उनके खिलाफ भी एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।

जनपद में करीब दवा के 700 थोक विक्रेता हैं। लगभग 2000 रिटेल मेडिकल स्टोर लाइसेंसधारक हैं। यहां बता दें कि पिछले साल हिमाचल व हरियाणा की टीम की नारकोटिक्स सेल ने नशीली दवाओं काे लेकर जनपद में छापेमारी की थी। मौके पर मेडिकल स्टोर बंद पाए गए थे।

जांच में पता चला था कि बिलिंग पर दवाओं की बिक्री की गई है। इसके अतिरिक्त नकली दवा का मामला भी प्रकाश में आया था। जिसमें विभाग ने दवा की बिक्री प्रतिबंधित की थी। नशीली व नकली दवाओं की बिक्री को रोकने के लिए प्रदेशभर में दवा के थोक विक्रेताओं की जांच का कार्य चल रहा है।

जनपद में मेडिकल स्टोर बंद मिलने पर 23 के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं जबकि, 23 के नोटिस का जवाब अधिकारी कर रहे हैं। नहीं देने पर उनके लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।

शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की प्रमुख सचिव डा.रोशन जैकब ने औषधि विभाग के अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेसिंग पर बातचीत कर अभियान की स्थिति जानी।

इसके बाद निर्देश दिए कि अगर कोई व्यक्ति अपना मकान व दुकान मेडिकल स्टोर खोलने के लिए किराए पर देता है तो किराएदार के बारे में पूरी जानकारी रखें। यदि वह नशीली व नकली दवा का काम कर रहा है तो उसकी सूचना गोपनीय तरीके से विभाग को दें।

ताकि, समय रहते उस पर कार्रवाई की जा सके। औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने बताया कि प्रमुख सचिव के निर्देशों से सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को अवगत कराया जाएगा। भवन मालिकों को भी जानकारी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- 80 के दशक की फोटो बनाने के चक्कर में खाली हो रहे बैंक खाते! अमरोहा में साइबर ठगों का नया 'Nostalgia Scam'