विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में जांच में खुली पोल: 25 मदरसे कागजों में आबाद, हकीकत में मिले वीरान; मान्यता रद्द करने की तैयारी

Published: Sun, 20 Sep 2026 04:31 AM (IST)

अमरोहा में जांच के दौरान 25 मदरसे कागजों में संचालित पाए गए, जबकि हकीकत में वे बंद मिले और वहां ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 210 मदरसों की जांच में खुली पोल, बच्चों का दूसरे स्कूलों-मदरसों में हो चुका दाखिला

  2. शक के आधार पर विभाग ने 24 सदस्यीय कमेटी बनाई, मान्यता समाप्त करने की तैयारी

राहुल शर्मा, अमरोहा। जनपद में कागजों में संचालित हो रहे 25 मदरसे जांच में बंद मिले हैं। इन मदरसों में एक भी छात्र-छात्रा नहीं मिला। विभागीय यू-डाइस पोर्टल पर भी लंबे समय से बच्चों की प्रविष्टियां अपडेट नहीं की गई थीं।

मामला सामने आने के बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने सभी 25 मदरसों के यू-डाइस कोड बंद करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। भविष्य में संचालन शुरू नहीं होने पर इनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

जनपद में कुल 485 मदरसे विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें पांच अनुदानित और 480 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं। इन सभी में करीब 2,350 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। प्रत्येक वर्ष मदरसों में अध्ययनरत बच्चों के नामांकन समेत अन्य सूचनाएं यू-डाइस पोर्टल पर अपडेट की जाती हैं।

जुलाई में विभाग को जानकारी मिली कि कुछ मदरसों की ओर से यू-डाइस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की प्रविष्टियां अपडेट नहीं की जा रही हैं। इसके बाद विभाग ने अगस्त में जांच के लिए 24 सदस्यीय कमेटी गठित की।

इसमें तीन विभागीय कर्मचारियों के साथ अनुदानित मदरसों के 21 सहायक अध्यापकों को शामिल किया गया। कमेटी ने जिले के मदरसों की जांच शुरू की तो स्थिति सामने आने लगी। अब तक 210 मदरसों की जांच पूरी हो चुकी है। इनमें 25 मदरसों का संचालन बंद मिला।

जांच के दौरान वहां कोई छात्र-छात्रा नहीं मिला। संबंधित प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने भी विभाग को लिखित रूप से संचालन बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद विभाग ने उनके यू-डाइस कोड बंद करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट बीएसए को भेज दी।

स्कूल और दूसरे मदरसों में गए बच्चे

25 मदरसों में पढ़ने वाले 200 से अधिक बच्चों का उनके अभिभावकों ने दूसरे मदरसों व परिषदीय स्कूलों में प्रवेश करवा दिया है। इसलिए अब मदरसों में कोई बच्चा नहीं पढ़ रहा है। वह पूरी तरह बंद हैं।

अमरोहा नगर के ये मदरसे मिले बंद

मदरसा रिजवान उल उलूम बेगम सराय खुर्द, नजीरन खातून गुलड़िया रोड, उवैसिया कादिरया मीरा सराय, खुर्शीद उल उलूम कैलसा रोड, इस्लामिया अरबिया इकरा उल उलूम तकिया हुसैन, इस्लामिया अखलाक उल उलूम पचदरा, इस्लामिया नवैद उल उलूम मुहल्ला कुरैशी, इस्लामिया मेराज उल उलूम गाजीनगर, इस्लामिया अनवार उल उलूम चाहगौरी, दरिश उल उलूम, इस्लामिया आफाक उल उलूम ईदगाह, इस्लामिया अनीस बेग तकिया हुसैन शाह, इस्लामिया फैजे नजम अफगानान, इस्लामिया जब्बाद उल उलूम, इस्लामिया अरबिया खुर्शीद उल उलूम दरबारे कला, इस्लामिया सामिया अफगानान, इस्लामिया फौजिया उल उलूम अहमदनगर, जन्नत निशा सैदपुर इम्मा, जामिया कादरिया बेगम सराय, एए हुसैन अहमदनगर, हुमैरा तालिमुल बनात अहमदनगर, इलमुल हुदरा गुजरी और दारुल उलूम इस्लामिया सकलेनिया चौधरपुर जोया।

 

जांच में 25 मदरसों में बच्चे नहीं पाए गए। इसलिए उनके यू-डाइस कोड बंद करने की संस्तुति की गई है। यदि भविष्य में भी वहां बच्चों का प्रवेश नहीं होता है और संचालन शुरू नहीं किया जाता है तो नियमानुसार मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

- नौशाद हुसैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।


यह भी पढ़ें- 'नौकरी वाले भाग्यशाली हैं, लेकिन किसानों को कमजोर न समझें'- धरने के 30वें दिन अमरोहा में गरजे सरदार वीएम सिंह