अमरोहा में तेंदुए ने पालतू कुत्ते का किया शिकार, दहशत में गांव के लोग, मचा हड़कंप
अमरोहा के गंगा खादर क्षेत्र में तेंदुए के देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। झुंडपुरा गांव में एक तेंदुए ने पालतू कुत्ते को मार डाला, जिससे भय और बढ़ गया।

HighLights
अमरोहा के झुंडपुरा गांव में तेंदुए ने पालतू कुत्ता मारा।
ग्रामीणों ने तेंदुए का वीडियो बनाया, इंटरनेट पर वायरल।
वन विभाग ने सावधानी बरतने को कहा, पिंजरा लगाने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। गंगा खादर क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शनिवार रात ग्राम झुंडपुरा में किसान के घर के बाहर बंधे उनके पालतू कुत्ते को तेंदुआ उठा ले गया। रात के अंधेरे में हुई इस घटना की जानकारी परिवार को सुबह जागने पर हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्राम झुंडपुरा में गोपी पुत्र जसवीर सिंह का परिवार रहता है। शनिवार की रात उनके घर के बाहर से तेंदुआ उनके पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया व अपना निवाला बना लिया। सुबह जाग होने पर घटना का पता चला। जंगल में कुत्ते के अवशेष भी मिले हैं।
लगातार मिल रही थी सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ के देखे जाने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं, लेकिन इस घटना के बाद लोगों में भय और अधिक बढ़ गया है। उधर ग्राम फतेहउल्लापुरा निवासी कश्मीर सिंह रात में अपनी कार से गांव के लिए जा रहे थे। इस दौरान तेंदुआ उनकी कार के समक्ष से होकर गुजरा।
तेंदुआ के विचरण का वीडियो उन्होंने ने अपने मोबाइल फोन में कैद किया है, जो अब तेजी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। तेंदुआ की दहशत के बीच ग्रामीणों ने धरपकड़ कराने की मांग की है। घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी है।
वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। जरुरत पड़ने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। बता दें कि पूर्व में नौगावां सादात थाना क्षेत्र मे भी लगातार तेंदुआ देखा जाता रहा है।
दरअसल, नौगावां सादात व मंडी धनौरा क्षेत्र बिजनौर जनपद व हस्तिनापुर वन सेंचुरी से सटे हुए हैं। जिसके चलते वहां पर तेंदुआ की संख्या बढ़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।