विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-यूपी रेल लाइन विस्तार से घटेगा ट्रैफिक, अमरोहा के 46 गांवों की जमीन का मांगा गया रिकॉर्ड

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:19 PM (IST)

दिल्ली-यूपी रेल मार्ग पर ट्रैफिक कम करने के लिए गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच तीसरी-चौथी लाइन बनेगी। इसके लिए अमरोहा के 46 गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।

HighLights

  1. दिल्ली-यूपी रेल मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने को विस्तार।

  2. गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच तीसरी-चौथी रेल लाइन का निर्माण।

  3. अमरोहा के 46 गांवों की जमीन अधिग्रहण, क्रय-विक्रय पर रोक।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। दिल्ली-यूपी रेल मार्ग पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए काम शुरू हो गया है। गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच तीसरी व चौथी लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जनपद के 46 गांवों के किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। यह गांव तीन तहसीलों के अंतर्गत आते हैं।

इन गांवों के किसानों की जमीनों की धारा 80 पर रोक लगाई गई है। इधर प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों से किसानों की जमीनों के गाटों सहित प्रस्ताव मांगा है ताकि, कितने किसानों की जमीन जाएगी और कितनी जमीन अधिग्रहण होगी, की तस्वीर साफ हो सके।

गाजियाबाद-मुरादाबाद, मुरादाबाद-रोजा और रोजा-सीतापुर के मध्य 402.78 किलोमीटर तक तीन व चार रेलवे लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसमें जनपद के 46 गांवों की जमीन का अधिग्रहण रेलवे बोर्ड करेगा।

अमरोहा तहसील के 27 गांवों की जमीन का 48.1182 हेक्टेयर रकबा व धनौरा तहसील के 14 गांवों का 12.487 हेक्टेयर रकबा व हसनपुर क्षेत्र के पांच गांवों का 10.787 हेक्टेयर रकबा रेलवे लाइन चौड़ीकरण में जा रहा है।

तीनों तहसीलों के उपजिलाधिकारी व सब रजिस्ट्रार ने परियोजना के लिए संरेखण से प्रभावित गांवों के गाटों की जमीन के क्रय-विक्रय के अलावा धारा-80 व भूमि पर अनाधिकृत निर्माण पर रोक लगा दी है। अब कोई भी किसान तीनों तहसीलों में जमीन की धारा 80 नहीं करवा पाएगा।

इन 46 गांवों के किसानों की जाएगी जमीन

काफूरपुर, नरैना कलां, भटपुरा माफी, जलीलपुर मुलकटा, महेशरा, शेखूपुर शुमाली, शाहपुर बुजुर्ग, भानपुर खालसा, अलीपुर भूड़ शुमाली, अफजलपुर गोसाईंरुस्तमपुर खादर, मोहरका, चौबारा, शहबाजपुर डोर, कांकाठेर, ओसिता एहतमाली, जगदेपुर, पायंती कलां, सिरसा मोहन, नौरंगी, मुजफ्फरपुर पट्टी, सिरसा मनिहार, वाजिदपुर, चककालीलेट, कासिमपुर जट, लोदीपुर बंजारा, मोहड़ी जट, पृथ्वीपुर कलां, कैलसा, उमर मोहम्मदपुर, अदलपुर ताज, तेलीपुरा माफी, केशोपुर, उमरपुर, धनौरी अहीर, सलेमपुर हेमनगर, अमरोहा खास चुंगी, गुलड़िया, खालकपुर खादर, सदलपुर, गफ्फारपुर, धकतोड़ा, चांदनगर।

रेल लाइन चौड़ीकरण में शामिल गांवों की जमीनों की धारा-80 नहीं होगी। क्रय-विक्रय भी नहीं हो पाएगा। सभी एसडीएम को पत्र भेजा जा चुका है। रेलवे अधिकारियों से किसानों की जमीनों का गाटा संख्या सहित ब्योरा मांगा गया है। इससे किसानों और उनकी चौड़ीकरण में जा रही जमीन की स्थिति साफ हो सकेगी। -करमेंद्र सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी।

यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में धान खरीद के लिए 99 सेंटर तैयार, जल्द शुरू होगा किसानों का रजिस्ट्रेशन; इन्हें मिलेगी प्राथमिकता