विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में ढाबे पर नाश्ता करने रुका शादी समारोह में जा रहा परिवार, ट्रेवलर से लाखों के गहने हुए चोरी

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:05 AM (IST)

गाजियाबाद का एक परिवार शादी में जाते समय अमरोहा के ढाबे पर रुका, जहां उनके ट्रेवलर से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गाजियाबाद परिवार के लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी।

  2. अमरोहा के हाईवे किनारे ढाबे पर हुई घटना।

  3. ट्रेवलर चालक कमल भारद्वाज पर चोरी का आरोप।

संवाद सहयोगी, अमरोहा। परिवार के साथ शादी समारोह में जा रहे गाजियाबाद के एक व्यक्ति के ट्रेवलर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। पीड़ित ने हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर चोरी होने का शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने ट्रेवलर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित नीलखंड निवासी विपुल पाहवा के अनुसार उन्होंने परिवार के साथ भीमताल में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ट्रेवलर बुक किया था। 18 नवंबर को यात्रा के दौरान सुबह करीब 9:45 बजे वह थाना क्षेत्र के हाईवे किनारे स्थित ढाबे पर नाश्ता करने के लिए रुके थे।

नाश्ता करने के बाद वे बिना कहीं रुके सीधे भीमताल पहुंच गए। शादी समारोह के दौरान जब उन्होंने अपना बैग खोलकर देखा तो उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। समारोह संपन्न होने के बाद वह वापस उसी ढाबे पर पहुंचे और शक के आधार पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में एक व्यक्ति ट्रेवलर के अंदर काफी देर तक बैठा दिखाई दिया। बताया गया कि उसने गाड़ी की खिड़कियां बंद कर पर्दे गिरा रखे थे। विपुल पाहवा को शक है कि आभूषण उसी व्यक्ति ने चोरी किए हैं।

उन्होंने उक्त व्यक्ति की पहचान ट्रेवलर चालक कमल भारद्वाज निवासी बुध विहार फेस-1, दिल्ली के रूप में की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- सपा ने छह बार विधायक रह चुके महबूब अली पर फिर जताया भरोसा, अमरोहा सीट से बनाया प्रत्याशी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।