अमरोहा कांड: 'थाने से फोन आया तो खोले थे कमरे', केयरटेकर ने बताई विधायक के फार्म हाउस की सच्चाई
अमरोहा में विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर गृह मंत्रालय की अधिकारी बताकर लाई गई युवती से दुष्कर्म हुआ। ...और पढ़ें

फार्म हाउस की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
गृह मंत्रालय अधिकारी बनकर युवती से दुष्कर्म किया गया।
विधायक के फार्म हाउस पर पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
पुलिस ने घटनास्थल फार्म हाउस को सील नहीं किया।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। उत्तराखंड की खानपुर सीट से विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की जिस युवती से दुष्कर्म किया गया है, उसे गृह मंत्रालय की अधिकारी बताया गया था। सीआरपीएफ निरीक्षक लालाराम यादव व हेड कांस्टेबल मोहित को उसका सुरक्षा कर्मी तो हसनपुर के दारोगा संजय तोमर व सिपाही प्रमोद को स्थानीय स्तर पर उनकी सुरक्षा में तैनात बताया था। रजबपुर में तैनात एक दारोगा ने फार्म हाउस के केयर टेकर रामनिवास को मंगलवार शाम 7 बजे काल कर फार्म हाउस पर कमरे उपलब्ध कराने को कहा था।
अतरासी-हसनपुर रोड पर स्थित विधायक उमेश शर्मा के इस फार्म हाउस पर गांव राजोहा के रामनिवास केयर टेकर हैं। जबकि गांव डोमखेड़ा निवासी मंगली उर्फ रुस्तम डोमखेड़ा चौकीदार हैं।रामनिवास के मुताबिक मंगलवार शाम लगभग सात बजे रजबपुर में तैनात दारोगा की काल उनके पास आई थी। कहा था कि गृह मंत्रालय की एक अधिकारी एक मामले की जांच करने के लिए आई हुई हैं।
उनके सुरक्षाकर्मी भी साथ हैं। दो कमरे खोल देना। बताया कि विधायक उमेश शर्मा से बात करने को कहा तो दारोगा ने बोल दिया कि हमारी बात हो गई है। जिस पर रामनिवास पांचों लोगों को ठहरा कर घर चला आया था। केवल चौकीदार मंगली उर्फ रुस्तम ही वहां था। लगभग साढ़े तीन बजे हसनपुर व रजबपुर पुलिस वहां पहुंची तो चौकीदार ने काल कर घटना की जानकारी दी थी।
उधर इस मामले में पुलिस की एक और लापरवाही सामने आई है। सारे मामले में फार्म हाउस को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। न ही घटनास्थल यानी फार्महाउस के उन कमरों को सील किया गया है, जहां दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में खाकी शर्मसार: हरियाणा की युवती को घुमाने लाए CRPF जवान, दरोगा और सिपाही ने फार्म हाउस पर किया गैंगरेप
चूंकि मामला विधायक से जुड़ा है तो पुलिस कदम पीछे खींच रही है। वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट भी किया है। जिसमें उन्होंने हसनपुर की इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार व पुलिस पर निशाना साधा है।
