अमरोहा के किसानों को अनुदान पर मिलेगा गेहूं का बीज, फ्री मिलेगी दलहन और तिलहन की मिनीकिट
अमरोहा के किसानों को दलहन और तिलहन की मिनीकिट मुफ्त में मिलेगी, जबकि गेहूं के बीज पर अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को बुकिंग करानी होगी।

किसानों को अनुदान पर मिलेगा गेहूं का बीज।
HighLights
किसानों को मुफ्त दलहन व तिलहन मिनीकिट मिलेगी।
गेहूं के बीज पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जाएगा।
ई-लॉटरी से किसानों का चयन, बुकिंग आवश्यक।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। किसानों को मुफ्त में दलहन व तिलहन की मिनीकिट मिलेगी जबकि, गेेहूं का बीज अनुदान पर उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए किसानों को बुकिंग करानी होगी। ई-लाटरी के जरिए किसानों का चयन किया जाएगा। इसके बाद चयनित किसान राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्रों से मिनीकिट व गेहूं का बीज प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार द्वारा किसानों की आय को दोगुना करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तरह-तरह की योजनाओं से उनको लाभान्वित किया जा रहा है। इतना ही नहीं किसानों को अनुदान पर बीज व मुफ्त में बीजों की मिनीकिट भी दी जा रही है।
किसानों को मिलेगी फ्री बीज किट
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार तोमर ने बताया कि किसानों को मटर, मसूर व चना की मिनीकिट दी जाएगी। यह दलहनी किट होगी। इसके लिए किसानों को विभागीय पोर्टल पर अपनी बुकिंग करानी होगी। ई-लॉटरी के जरिए किसानों का चयन किया जाएगा।
चयनित किसानों को ही ब्लाक स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्रों से मिनीकिट मिलेगी। तिलहनी के रूप में सरसों की मिनीकिट वितरित की जाएगी। इसके लिए भी बुकिंग कराना जरूरी होगा।
इसके अलावा किसानों को गेहूं का बीज भी अनुदान पर दिया जाएगा। इसका लाभ सिर्फ पंजीकरण किसान ही उठा सकेंगे। पोश मशीन के जरिए किसान राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्रों से बीज प्राप्त कर सकेंगे।
बीज मिलते ही किसानों को अनुदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी किसान को बुकिंग में कोई समस्या आ रही है तो वह विभागीय कार्यालय या फिर अपने नजदीकी कृषि बीज भंडार केंद्र के प्रभारी से बातचीत कर उसका निस्तारण करा सकते हैं।
