17 राज्यों के 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र होंगे रद्द; 576 ग्राम पंचायतों की ID लॉक, भेजी जाएगी रिपोर्ट
अमरोहा में ग्राम पंचायत तोफापुर की आईडी हैक कर 17 राज्यों के 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने 130 आइडी को किया निष्क्रिय
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जोया ब्लाक की ग्राम पंचायत तोफापुर की आइडी से जारी किए गए 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र रद्द करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। फिलहाल सभी को स्वास्थ्य निदेशालय से ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। साथ ही निदेशालय द्वारा सभी राज्यों के संबंधित जिला प्रशासन को उन्हें रद्द कराने के लिए रिपोर्ट भेजने की तैयारी है। ताकि उनका दुरुपयोग न किया जा सके।
इसके साथ ही संबंधित जिलों से उन लोगों की रिपोर्ट भी मांगी जाएगी जिनके प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। जिसमे यह देखा जाएगा कि वह लोग वास्तव में वहां रहते हैं या नहीं। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
ग्राम पंचायत तोफापुर के ग्राम सचिव अमरजीत सिंह की आइडी हैक कर छह व सात अक्टूबर को जालसाजों ने यूपी समेत 17 राज्यों के 498 लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए थे।
13 अक्टूबर को आइडी खोलने पर इसकी जानकारी हुई। इसके अलावा हसनपुर व मंडी धनौरा ब्लाक के साथ ही अमरोहा ब्लाक की नन्हेड़ा अलियारपुर व अहलैदादपुर ग्राम पंचायत की आइडी भी हैक की गई थी।
मंडी धनौरा की ग्राम पंचायत मुसल्लेपुर की आइडी से आगरा के एक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया है। इस मामले में डिडौली कोतवाली में एडीओ पंचायत राजवीर सिंह की तहरीर पर आइटी एक्ट के तहत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
हालांकि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में शासन स्तर पर रिपोर्ट दे दी है। जिसके क्रम में स्वास्थ्य निदेशालय ने जारी किए गए प्रमाण पत्रों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है।
सीएमओ डाॅ. रमाकांत सागर ने बताया कि जारी किए गए जन्म प्रमाण पत्रों को फिलहाल निदेशालय से ब्लैक लिस्ट कर दिया है। अब उन्हें रद्द् भी किया जाएगा। ताकि दुरुपयोग न हो सके।
साथ ही जिन लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए हैं उनके मूल पते के आधार पर संबंधित राज्यों के जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेज कर जांच कराई जाएगी। बताया कि जांच में उन लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी कि क्या वह वास्तव में वहां के निवासी हैं या नहीं।
सीएमओ ने बताया कि इस क्रम में उनके द्वारा जिले की 576 ग्राम पंचायतों की सभी आइडी को लाक कर दिया गया है। सोमवार तक 576 में से 130 आइडी निष्क्रिय कर दी गई हैं।
सभी आइडी को निष्क्रिय कर उन्हें नए सिरे से जारी किया जाएगा। फिलहाल ग्राम पंचायतों में नए जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य बंद रहेगा।
यह भी पढ़ें- गाड़ी-बंगला और सरकारी नौकरी... फिर भी ले रहे थे गरीबों का राशन! अमरोहा में 8,900 से ज्यादा कार्ड रद्द
