तोफापुर के बाद अब मंडी धनौरा में सेंध: 4 ग्राम पंचायतों की ID हैक कर 15 राज्यों के 1322 लोगों के बनाए फर्जी जन्म प्रमाणपत्र
अमरोहा में ग्राम पंचायतों की आईडी हैक कर 15 राज्यों के 1322 लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
अब तक जिले में बनाए जा चुके हैं 1820 प्रमाण पत्र
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तोफापुर के बाद मंडी धनौरा की चार ग्राम पंचायतों से यूपी समेत 15 राज्य के 1322 लोगों के नाम से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए हैं। शुक्रवार को यह स्थिति सामने आई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. रमाकांत सागर ने इस मामले में साइबर थाने में अज्ञात के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करा दी है। वहीं जिले की सभी आईडी निष्क्रिय कर दी गई हैं। पुलिस की जांच पूरी होने तक नई आईडी जारी नहीं होंगी।
जिले की ग्राम पंचायतों की आईडी हैक कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले में 14 अक्टूबर को जोया ब्लाक की ग्राम पंचायत तोफापुर का मामला प्रकाश में आया था।
यहां की आईडी से जालसाजों ने यूपी समेत 17 राज्य के 498 लोगों के नाम से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए थे। यह प्रमाण पत्र छह व सात अक्टूबर को जारी किए गए थे।
इस क्रम में अब मंडी धनौरा की ग्राम पंचायत बारखपुर, मुसल्लेपुर, सैदपुर व मोहम्मदपुर पट्टी की आइडी हैक कर भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का मामला सामने आया। यह चारों ग्राम पंचायत सचिव राजीव कुमार के पास हैं।
पांच अक्टूबर को जालसाजों ने इन चारों आईडी से यूपी समेत 15 राज्य के 1322 प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं। जालसाजों ने बारखपुर की आइडी से 748, मुसल्लेपुर में 300, सैदपुर में 191 तथा मोहम्मदपुर पट्टी में बनाए गए 83 प्रमाण पत्र बनाए हैं। तोफापुर ग्राम पंचायत के 498 प्रमाण पत्र सहित अब जिले में कुल 1820 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी हो चुके हैं।
मंडी धनौरा ब्लाॅक की चारों ग्राम पंचायतों के मामले में शुक्रवार को सीएमओ डाॅ. रमाकांत सागर ने साइबर थाने में अज्ञात के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।सीएमओ ने बताया कि जिले में सभी आईडी निष्क्रिय कर दी गई हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही नई आईडी जारी की जाएंगी।
