'भाजपा का पहला शो रहा फ्लॉप', पहले चरण के मतदान के बाद राहुल और अखिलेश ने केंद्र को घेरा
अखिलेश और राहुल अमरोहा में कांग्रेस प्रत्याशी दानिश अली के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। बसपा से पाला बदलकर आए सांसद दानिश पर आइएनडीआइए ने दांव लगाया है।अखिलेश ने कहा कि 2017 में सपा-कांग्रेस और रालोद ने गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि तब यह जोड़ी कोई चमत्कार नहीं दिखा सकी थी। सात साल बाद दोनों की जोड़ी फिर चुनावी सभा में एक साथ थी।
अनिल अवस्थी, अमरोहा। एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'रिजेक्ट किए जा चुके दो शहजादों की फिल्म फिर पिट जाएगी' के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा की फिल्म को फ्लाप बताया।
अखिलेश ने चुनाव के पहले चरण का हवाला देते हुए कहा कि पहले दिन ही भाजपा का पहला शो फ्लाप रहा है। 2017 में सपा-कांग्रेस और रालोद ने गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, तब यह जोड़ी कोई चमत्कार नहीं दिखा सकी थी। सात साल बाद दोनों की जोड़ी फिर चुनावी सभा में एक साथ थी।
राहुल गांधी ने कांग्रेस के घोषणापत्र के सहारे पिछड़े, आदिवासी और दलितों से हिंदुस्तान का एक्सरे करने का आह्वान करते हुए सरकार में आने पर जातीय जनगणना कराने की बात दोहराई। दोनों नेता अमरोहा में शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी दानिश अली के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। बसपा से पाला बदलकर आए सांसद दानिश पर आइएनडीआइए ने दांव लगाया है।
अखिलेश और राहुल गांधी अलग-अलग हेलीकाप्टर से अमरोहा आए, लेकिन मंच पर एक साथ पहुंचे। करीब 45 मिनट के संबोधन में उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर प्रदेश के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि इस बार पश्चिम की हवा देश में भाजपा का सफाया करेगी।
राहुल का चिरपरिचित अंदाज
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम 15-20 अरबपतियों से जोड़ा और उनका दबाकर काम करने की बात कही। साथ ही अदाणी को एयरपोर्ट, खदान, बिजली ओर डिफेंस इंडस्ट्री देने की बात दोहराई। मोदी एक ओर मेक इन इडिया बोलते हैं, दूसरी ओर इन लोगों की जीएसटी खत्म कर देते हैं। वह चाहते हैं, चीन का माल हिंदुस्तान में बिके और अरबपतियों को उसका फायदा हो।
इस बार अमरोहा की ढोलक से विदाई
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखे वार किए। बोले, उनकी झूठी कहानी कोई सुनना नहीं चाहता है। उनके घिसे पिटे डायलाग नहीं चल रहे हैं। यूपी वाले अच्छा स्वागत करते हैं और ढोल नगाड़े से विदाई भी करते हैं। इस बार अमरोहा की ढोलक से विदाई होने जा रही है।
यह भी पढ़ें- UP Politics : पीएम मोदी बोले- सच्चे यदुवंशी हैं तो श्रीकृष्ण का अपमान करने वालों के साथ कैसे?