सुनील हत्याकांड का आरोपित पुलिस पकड़ से दूर
अमरोहा घर से लापता युवक की हत्या कर शव नहर में फेंकने वाले छह दिन बाद भी पुलिस पकड़ नहीं सकी है।
अमरोहा : घर से लापता युवक की हत्या कर शव नहर में फेंकने वाले छह दिन बाद भी पुलिस पकड़ से दूर हैं। पुलिस नामजद आरोपित को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हत्या का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर सराय निवासी सुनील कुमार छह दिन पहले लापता हो गए थे। रविवार को उसका शव मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में नहर में मिला था। सुनील के हाथ बंधे हुए थे। यानि किसी ने उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंका था।
इससे यह बात तो स्पष्ट थी कि सुनील की हत्या करने में कोई एक व्यक्ति नहीं था। लिहाजा परिजनों ने गांव के ही जगदेव चौहान को नामजद कराया तथा दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। हत्यारोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों व स्वजनों ने हंगामा भी किया। अब छह दिन बाद भी पुलिस नामजद आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। न ही यह पता लगा सकी है कि आरोपित के साथ और कौन कौन घटना को अंजाम देने में शामिल थे। हत्या के पीछे क्या वजह रही।
पुलिस द्वारा अभी तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं किए जाने से स्वजनों में रोष है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।