तिगरिया खादर में पहुंचा तेंदुआ का जोड़ा, बकरी को बनाया निवाला
जेएनएन, अमरोहा : तिगरिया खादर में तेंदुआ का जोड़ा दिखाई देने से गांव में दहशत का माहौल है। तेंदुआ ने घर के अंदर बंधी बकरी को भी निवाला बना लिया है। मामले की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है।
मामला गुरुवार की रात दो बजे का है। गांव निवासी रमेश के घर पर रोजाना की तरह स्वजन आंगन में सो रहे थे। पास में ही बकरी बंधी हुई थी। बताते हैं कि इस दौरान दो तेंदुआ आंगन में पहुंच गए। एक तेंदुआ ने बकरी पर झपट्टा मारकर पकड़ लिया। इस दौरान पास में सो रही रमेश की पुत्री रजनी की आंख खुल तो उसने देखा कि दोनों तेंदुआ छलांग लगाकर जा रहे थे। एक के मुंह में बकरी थी। युवती ने शोर मचाया तो स्वजन व आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर खेतों में कांबिंग की मगर, कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को दिन निकलने पर पुलिस के साथ वन विभाग को सूचना दी गई। उधर, घटना से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। हसनपुर के वन रेंजर शीशपाल बिष्ट ने बताया कि टीम गांव में पहुंची थी लेकिन, तेंदुए का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पंजों के निशान भी नहीं देखे गए हैं। बकरी के शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है। जैसे जंगली जानवर ने हमला किया है।