अमरोहा में 11 व डिडौली में पांच क्षेत्र कंटेनमेंट जोन में तब्दील
अमरोहा प्रशासन ने नगर के 11 कोरोना संक्रमित क्षेत्रों में बेरीकेडिग कराकर कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।
अमरोहा : प्रशासन ने नगर के 11 कोरोना संक्रमित क्षेत्रों में बेरीकेडिग कराकर कंटेनमेंट जोन में तब्दील किया है। वहीं डिडौली क्षेत्र में पांच कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। इसमें लोगों की आवाजाही पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लग गया है। निगरानी के लिए पुलिस बल तैनात किया है।
कोरोना केसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे नगवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना का एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में ट्रांसमिशन न हो। लिहाजा प्रशासन ने नगर के कोरेाना संक्रमित क्षेत्र मुहल्ला छेबड़ा, शकूरपुरा, नल, आवास विकास कालोनी, बेगम सराय, गस्तियान, नई बस्ती बटवाल, तकिया मोतीशाह, अहमद नगर, चौक, कोट तथा जोया के मुहल्ला मुंशियान, प्रेमनगर, पपसरा, फत्तेहपुर अब्बू, डिडौली समेत 16 स्थानों को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया। इसमें लोगों की आवाजाही पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। लोगों पर निगाह बनाए रखने के लिए जगह पुलिस बल तैनात किया है।
एसडीएम विवेक कुमार यादव और शहर कोतवाल रविद्र सिंह ने मंगलवार को कंटेनमेंट जोन क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। लोगों से आवाजाही करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
लॉकडाउन के उल्लंघन पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमरोहा : कंटेनमेंट क्षेत्रों में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कराई के निर्देश हैं। मंगलवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जबकि उल्लंघन में वाहनों का चालान कर 9 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।