अभियान में लापरवाही पर 15 आशाओं को नोटिस
जागरण संवाददाता गजरौला संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य विभाग द्वार
जागरण संवाददाता, गजरौला : संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की 15 आशाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी आशाओं से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जबाव नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जी हां, शासन द्वारा इस बार एक अक्टूबर से शुरू किए गए संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर खास ध्यान देने के लिए कहा गया है। चूंकि कोरोना महामारी के साथ-साथ मच्छरजनित रोगों के फैलने की अधिक आशंका है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग भी विशेषकर ध्यान देने का दावा कर रहा है। लेकिन, गजरौला में आशाओं द्वारा शासन-प्रशासन की मंशा को पलीता लगाया जा रहा है। यही कारण है कि सीएचसी की 15 आशाओं को अभियान में अपने दायित्वों को ठीक ढंग से निर्वहन नहीं करने पर नोटिस जारी किए गए हैं। इन आशाओं की समय से रिपोर्ट न देना व गांवों में लोगों को जागरूक नहीं करने की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग द्वाररा सभी आशाओं को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने की बात कही गई है। इतना ही नहीं संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए 211 आशाओं की डयूटी लगी हुई है। जिनमें 15 आशाओं के कार्य में शिथिलता मिलने पर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। संतोषजनक जबाव नहीं मिलने पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।