सरकारी कार्यालयों में कोविड-19 से जंग के लिए बनाईं 109 हेल्प डेस्क
अमरोहा जनपद में कोविड-19 से जंग के लिए 109 हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं।
अमरोहा: जनपद में कोविड-19 से जंग के लिए 109 हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इन पर पहुंचने वाले लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कलेक्ट्रेट में स्थापित हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया जनपद के सभी विभागों में 109 हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इनमें कलेक्ट्रेट में एक, विकास भवन में एक, एसपी कार्यालय एक, जनपद के सभी 11 थानों, चारों तहसील कार्यालयों, जिला चिकित्सालय, 32 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 26 उप स्वास्थ्य केंद्र, जिला ग्रामोद्योग, औद्योगिक इकाइयों में 15 हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह सभी सरकारी व प्राइवेट संस्थाएं अपने यहां हेल्प डेस्क स्थापित कर लें। इसका कभी भी निरीक्षण किया जा सकता है। यह शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। डेस्क पर रोस्टर के हिसाब से कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
डेस्क पर सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनर, पल्स आक्सीमीटर रखना अनिवार्य होगा। कोरोना से बचाव संबंधी पोस्टर लगाया जाए। उस पर तैनात कर्मी मास्क व ग्लब्स पहनें और लोगों से दो गज की दूरी बनाए रखें।