Amethi: वारंटी को अरेस्ट करने पहुंची पुलिस को महिलाओं ने घेरा, हाथापाई में कई पुलिस कर्मी घायल; वीडियो वायरल
अमेठी में पुलिस कर्मियों से हाथापाई कर महिलाओं ने वारंटी को छुड़ा लिया। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सभी महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।
अमेठी, संवाद सूत्र। मारपीट व बलवा के मामले में वारंटी को पकड़ने रविवार की देर शाम जामो के गौतमपुर गांव पहुंची पुलिस को महिलाओं ने घेर लिया। हाथापाई कर पुलिस के कब्जे से वारंटी को महिलाओं ने छुड़ा लिया। किसी तरह से पुलिस टीम वहां से अपनी जान बचाकर निकल सकी। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने अब महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारंटी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस को घेरकर महिलाओं ने शुरू कर दी हाथापाई
गौतमपुर गांव के रंजीत के खिलाफ करीब तीन वर्ष महले मारपीट व बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की सुनवाई सुलतानपुर एसीजेएम तृतीय के न्यायालय पर हो रही है। रंजीत के न आने पर न्यायालय ने वारंट जारी किया था। रविवार की शाम जामो थाने पर तैनात उप निरीक्षक विनोद कुमार, सिपाही जितेंद्र, श्याम व राघवेंद्र सिंह उसे पकड़ने के लिए गौतमपुर गांव पहुंचे। वहां पर पुलिस ने रंजीत को पकड़ लिया। जब तक पुलिस कर्मी उसे गाड़ी में बैठाते तब तक महिलाएं वहां पर पहुंच गईं। महिलाओं ने पुलिस कर्मियों को घेरकर उनसे हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान महिलाओं के नाखून लगने से पुलिस कर्मी जख्मी हो गए।
अमेठी में महिलाओं ने पुलिस कर्मियों से की हाथापाई। कई पुलिस कर्मी घायल। @amethipolice @UPpolice #amethi #crime pic.twitter.com/13KKD5yG7V— Vrinda Srivastava (@VrindaSrivasta2) October 3, 2022
मौका पाकर भाग निकला वारंटी
इसी बीच मौका पाकर रंजीत (वारंटी) पुलिस की पकड़ से भाग निकला। वहीं पुलिस कर्मी महिलाओं से बचने के प्रयास में मशक्कत करते रहे। इसके बाद पुलिस किसी तरह से वहां से अपनी जान बचा कर निकल सकी। पुलिस अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी गई है। अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद टीम पुलिस कर्मियों को गांव से लेकर वापस थाने आई।
वीडियो प्रसारित होने के बाद जागे अफसर
पुलिस कर्मियों से हाथापाई का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी डा. इलामारन ने एसओ से पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। एसओ अखिलेश गुप्ता का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।