विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में परिषदीय स्कूलों के बच्चों को अब मिड-डे मील में परोसा जाएगा हलवा और उपमा, नवंबर से लागू होगी नई व्यवस्था

Published: Mon, 12 Oct 2026 03:44 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में अब बच्चों को शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में हलवा और उपमा मिलेगा।

परिषदीय स्कूल में भोजन करते बच्चे

परिषदीय स्कूल में भोजन करते बच्चे

HighLights

  1. शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में हलवा और उपमा शामिल।

  2. प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत नवंबर से नई व्यवस्था।

  3. बच्चों को मिलेगा अतिरिक्त पोषण और भोजन में विविधता।

जागरण संवाददाता, अमेठी। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब मध्याह्न भोजन में हर शुक्रवार हलवा और उपमा परोसा जाएगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत शासन ने नवंबर से नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इससे बच्चों को नियमित भोजन के साथ अतिरिक्त व्यंजन भी मिलेंगे और भोजन में विविधता आएगी।

शासन की ओर से निर्धारित मेन्यू के अनुसार महीने के पहले और तीसरे शुक्रवार को मीठा हलवा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को नमकीन उपमा परोसा जाएगा। नई व्यवस्था के तहत रसोइयों को प्रति छात्र दो रुपये अतिरिक्त पारिश्रमिक भी दिया जाएगा। हलवा तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री और उसकी मात्रा के संबंध में भी दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं।

पांचवां शुक्रवार पड़ने पर भी बच्चों को नमकीन उपमा ही परोसा जाएगा

जिले में 1570 परिषदीय तथा 81 वित्त पोषित विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब एक लाख 35 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। अभी तक विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। अब शुक्रवार को हलवा और उपमा शामिल होने से बच्चों को भोजन में नया स्वाद मिलने के साथ अतिरिक्त पोषण भी मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें- जलभराव से बंद हुई बच्चों की पढ़ाई तो स्कूल प्रबंधक ने खुद संभाला मोर्चा, बिना सरकारी मदद के बनाया 60 फीट लंबा पुल

इस संबंध में अपर मुख्य सचिव की ओर से शासनादेश जारी कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को सभी विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार व्यंजन तैयार कराकर वितरित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांचवां शुक्रवार पड़ने पर भी बच्चों को नमकीन उपमा ही परोसा जाएगा।

निर्धारित मेन्यू में मीठा हलवा और नमकीन उपमा शामिल किया गया है। नवंबर से मध्यान्ह भोजन में बच्चों को हलवा व उपमा परोसा जाएगा। सभी प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिया गया है।
 
                                                  अरुण त्रिपाठी, जिला समन्वयक- मीड डे मील