धूप खिली पर सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन
बेअसर रही सूरज की चमक अभी और बढ़ेगी गलन। सार्वजानिक स्थलों पर अलाव की आंच कम हुई।
अमेठी : सुबह घना कोहरा और पूरे दिन पछुआ हवा के बहाव के बीच धूप खिलने के बाद भी गलन कम नहीं हुई। तेज बर्फीली हवाओं ने रात के साथ अब दिन में भी लोगों को घरों में कैद रहने पर विवश कर दिया है। गांव से शहर तक लोग अलाव का सहारा खोजते दिखे तो गलन बढ़ने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों के अलाव की आंच भी मंद पड़ गई।
बुधवार को भी पूरे दिन लोगों को गलन से राहत नहीं मिली। कोहरा घना होने के कारण सुबह दस बजे के बाद सूरज के दर्शन के बाद मौसम साफ हुआ। लेकिन, धूप खिलने के बाद भी सर्द हवाओं से कंपकपी बनी रही। बहरहाल, गुरुवार को मौसम और सर्द होने का अनुमान है।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि सभी तहसीलों में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। जिला मुख्यालय के साथ ही जायस, अमेठी व मुसाफिरखाना में नगरीय प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था की जा रही है। सभी अधिकारियों को शीतलहर के मद्देनजर सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।
बाजारों में दिखा सन्नाटा :
कोहरा व गलन के चलते बाजारों में सन्नाटा दिखा। गौरीगंज के साथ ही जायस, मोहनगंज, शाहमऊ, तिलोई, फुरसतगंत, बाबूगंज, अमेठी, भादर, मुंशीगंज, शाहगढ़, मुसाफिरखाना, पीपरपुर व संग्रामपुर में भी लोगों की भीड़ कम ही दिखी। सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।
सड़कों पर आवागमन रहा कम :
शंकरगंज प्रतिनिधि के अनुसार सुबह धूप खिली तो लोगों के चेहरे भी खिल उठे। सर्द हवाओं की मार झेल रहे लोगों ने सोचा की राहत मिलेगी। लेकिन, गलन में कोई कमी नहीं रही। बर्फीली हवाएं नश्तर की तरह चुभ रही थीं। ज्यों ज्यों सूरज ढलता गया, ठंड के साथ गलन और भी बढ़ती गई। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। कड़कड़ाती ठंड से बच्चे व बूढ़े सभी परेशान हैं, हालांकि कुछ युवा क्रिकेट के मैदान में हाथ आजमाते नजर आए।