अमेठी के हर घर को श्रीराम मय बनाने में जुटा संघ
संसदीय क्षेत्र में लगती हैं तीन सौ से ज्यादा स्थानों पर शाखाएं जिले में बढ़ रही संघ की ताकत श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण अभियान के तहत गांव-गांव से लिया जाएगा सहयोग
दिलीप सिंह, अमेठी
अमेठी में संघ लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है। तीन सौ से ज्यादा शाखाएं यहां संचालित हो रही हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण अभियान के सहारे संघ गांव-गांव तक अपनी पहुंच बनाने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में अमेठी के हर घर से कुछ न कुछ सहयोग जुटाने का प्रयास होगा।
हर ग्राम पंचायत में सक्रिय लोगों की टीम तैयार करने की कवायद युद्धस्तर से चल रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर बनने वाले संगठन में एक संयोजक, एक सह संयोजक, एक कोषाध्यक्ष के साथ उस ग्राम पंचायत में कुल जितने पुरवें हैं, सभी से दो-दो सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं।
तीन जिले, तीन सौ मंडल :
अमेठी संसदीय क्षेत्र को संघ ने तीन जिलों और तीन सौ से ज्यादा मंडलों में बांट रखा है। अमेठी-रायबरेली के साथ जगदीशपुर में विभाजित अमेठी संसदीय क्षेत्र का आधे से ज्यादा भाग काशी तो बाकी बचा भाग अवध क्षेत्र में आता है। अमेठी में 45 मंडल में कुल 145 शाखाएं लगती हैं तो जगदीशपुर में संघ ने कुल 52 मंडल बना रखे हैं। यहां कुल 90 शाखाएं संचालित होती हैं। सलोन में भी इनकी संख्या 50 के पार है। सप्ताह में मंडली व माह में होता है मिलन :
संघ ने अपने स्वयंसेवकों से मिलने के लिए बाकायदा कार्यक्रम बना रखा है। सप्ताह में मंडली कार्यक्रम व माह में मिलन कार्यक्रम में सभी की आपस में मुलाकात होती है। इसमें संघ के बड़े पदाधिकारी भी शामिल होते हैं।
---
घर-घर से जुटाया जाएगा सहयोग :
खंड संरक्षक शाहगढ़ व प्रांतीय सदस्य जन शिक्षा समिति काशी क्षेत्र ओंकारनाथ शुक्ला ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण अभियान के तहत गांव-गांव संगठन बनाकर घर-घर से मंदिर निर्माण के लिए सहयोग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरा अभियान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के तहत चलाया जा रहा है। अभियान का मकसद हर घर को श्रीराम मय बनाना है।