मोदी व योगी सरकार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन
अमेठी विभिन्न मागों को लेकर सोमवार को सपाइयों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कहाकि इस
अमेठी : विभिन्न मागों को लेकर सोमवार को सपाइयों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कहाकि इस सरकार में हर वर्ग का शोषण हो रहा है। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में सपा नेताओं का कहना था कि जब से बीजेपी की सरकार बनी है प्रदेश में भय व अराजकता का माहौल शुरू हो गया, जो अब यह चरम पर पहुंच रहा है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सुरक्षा व्यवस्था खतरे में है। इसके साथ ही प्रदेश में बलात्कार व अपराध की घटनाएं दिनोंदिन बढ़ती जा रही हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा बढ़ाई जाए तथा सोशल मीडिया पर उनके प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। देश में जाति जनगणना के आधार पर समाज के सभी वर्गो को समस्त सेवाओं में आरक्षण प्रदान किया जाए व ओबीसी की जातिगत जनगणना कराई जाए। बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए बेरोजगार नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए जिससे सब को समान प्रतिनिधित्व मिल सके। किसानों की समस्याओं जैसे खाद, बिजली, पानी, डीजल, पेट्रोल का दाम घटाते हुए आवारा पशुओं से निजात दिलाई जाए तथा आवारा पशुओं से बर्बाद हुई फ सलों को लागत के हिसाब से तत्काल प्रभाव से किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। समस्त छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति जल्द दिलाई जाए, जिससे उनका अध्ययन अध्यापन कार्य बाधित ना हो। बदले की भावना से सपा कार्यकर्ताओं पर किये जा रहे उत्पीड़न को बंद कराया जाए। प्रदेश व देश में व्याप्त अराजकता जंगलराज व महिलाओं के साथ लगातार हो रहे यौन उत्पीड़न, निर्मम हत्या पर रोक लगाकर बिगड़ती कानून व्यवस्था पर अंकुश लगाया जाए। प्रदर्शन में तमाम युवा सपाई शामिल रहे।