सत्र न्यायालय न चलने से दो जिलों का चक्कर काट रहे वादकारी
अमेठी जिला मुख्यालय पर सत्र न्यायालय के संचालन को लेकर वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया
अमेठी : जिला मुख्यालय पर सत्र न्यायालय के संचालन को लेकर वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया हैं। जिला बार एसोसिएशन की अगुवाई में वकीलों ने तहसील का घेराव किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि पिछले दस वर्ष से सरकार जिला मुख्यालय पर सत्र न्यायालय का संचालन नहीं करा पा रही है। सत्र न्यायालय न चलने से वादकारियों को दो जिलों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। समस्या के निदान तक
वकीलों ने पूरे जनपद में न्यायिक कार्यो से विरत रहने का ऐलान किया है। जिला बनने के बाद से अब तक जिला मुख्यालय पर सत्र न्यायालय का संचालन नहीं हो सका है। मुसाफिरखाना, गौरीगंज व अमेठी तहसील के वादकारियों को सुल्तानपुर तथा तिलोई तहसील के वादकारियों को रायबरेली का चक्कर काटना पड़ रहा है। बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष केवल प्रसाद शुक्ला व महामंत्री कृपा शंकर त्रिपाठी की अगुवाई में मुख्यमंत्री से संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर अधिवक्ता विजय शकर शुक्ला, राम कृष्ण भारती, मोहन सिंह, अरविंद शुक्ला, सुरेश चंद्र तिवारी, एबी सिंह, अनीस अहमद, आरके मिश्रा, राम बहादुर सिंह, अख्तर हुसैन, पवन शुक्ला, दलजीत सिंह, विपुल सिंह, शिवकुमार सिंह मौजूद रहे।