उन्नीसवें दिन शुरू हुई धान की खरीद
- पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ खरीद केंद्र
अमेठी: एसडीएम की फटकार के बाद विपणन शाखा पर खोले गए धान क्रय केन्द्र पर 19वें दिन धान की खरीद शुरू की गई। एमआई ने पूजा-पाठ कर विधिवत शुरुआत की। न्यूनतम समर्थन मूल्य धान की खरीददारी के लिए शासन द्वारा क्षेत्र के विपणन शाखा सहित साधन सहकारी समिति फूला, टेढई व सातनपुरवा में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। हीं, 15 अक्टूबर से धान खरीद शुरू करने का आदेश जारी हुआ था। लेकिन, अब तक विपणन शाखा स्थित केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हुई थी। गेहूं की बुवाई के लिए तैयारी कर रहे किसान धान खरीद का इंतजार करते रहे। पखवारा बीतने के बाद भी जब खरीद नहीं शुरू की गई तो कई किसानों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की। उन्होंने ने विपणन निरीक्षक से खरीद नहीं शुरू किए जाने का कारण जाना। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उच्चाधिकारी ने एमआइ को फटकार लगाते हुए खरीद शुरू करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में मंगलवार को क्रय केंद्र पर खरीद शुरू की गई। इससे पहले एमआइ श्यामू राणा ने विधिवत पूजन कर तौल शुरू कराई। पहले दिन करीब 40 क्विंटल धान की खरीद हुई। एमआइ ने बताया कि शासन की मंशानुरूप सभी किसानों की धान की फसल खरीद की जाएगी।