UP ट्रेड शो में महकेगी 'निहालगढ़ के समोसे' की खुशबू, 56 देशों के मेहमान चखेंगे स्वाद
अमेठी का मशहूर निहालगढ़ समोसा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएगा। ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 56 देशों के मेहमान इसका स्वाद चखेंगे।

निहालगढ़ के समोसे
HighLights
निहालगढ़ का मशहूर समोसा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित होगा।
56 देशों के मेहमान अमेठी के पारंपरिक समोसे का स्वाद चखेंगे।
यह अंतरराष्ट्रीय मंच स्थानीय कारोबार को नई पहचान और बढ़ावा देगा।
विनय तिवारी, अमेठी। अब तक स्थानीय लोगों की पसंद बना निहालगढ़ का मशहूर समोसा जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खुशबू और स्वाद बिखेरेगा। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले द्वितीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में निहालगढ़ के प्रसिद्ध समोसे की दुकान भी सजेगी। देश-विदेश से आने वाले मेहमान यहां अमेठी के इस पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्थानीय उत्पाद, व्यंजन और हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी), एक जनपद-एक व्यंजन, लघु उद्योग और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़े उद्यमी व उत्पादक हिस्सा लेंगे। आयोजन में जापान, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, वियतनाम, रूस समेत करीब 56 देशों से मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में निहालगढ़ के समोसे को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय दुकान से अंतरराष्ट्रीय मंच तक सफर
निहालगढ़ का समोसा अपने खास स्वाद के कारण लंबे समय से क्षेत्र में लोकप्रिय है। आसपास के जिलों से भी लोग इसके स्वाद का आनंद लेने निहालगढ़ पहुंचते हैं। अब पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसकी प्रस्तुति होने से स्थानीय कारोबारियों में खासा उत्साह है।
यह भी पढ़ें- CSIR-UGC NET में अमेठी के अरिन सिंह को मिली सफलता, कड़ी मेहनत से हासिल की देश में 14वीं रैंक
उनका मानना है कि विदेशी मेहमानों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों तक निहालगढ़ के समोसे का स्वाद पहुंचने से इसकी पहचान और मांग दोनों बढ़ सकती हैं। इससे स्थानीय कारोबार को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कैंटीन संचालक रविशंकर त्रिवेदी ने बताया कि निहालगढ़ के समोसे की दुकान का अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में लगना बड़े सौभाग्य की बात है।
इंटरनेशनल ट्रेड शो में समोसा का स्टॉल लगाने के लिए पंजीकरण हो गया है। संबंधित लोगों को समय से आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
अभय कुमार सुमन, उपायुक्त उद्योग
