विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी की नैंसी ने बल्ले से मचाया धमाल, चौकों-छक्कों की बरसात कर जड़ा तूफानी शतक

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:01 PM (IST)

अमेठी में राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए क्रिकेट मुकाबले में भार्गव क्रिकेट अकादमी ने बीपीआरआर क्रिकेट अकादमी को 118 रनों से करारी शिकस्त दी।

नैंसी ने बल्ले से भार्गव क्रिकेट अकादमी में मचाया धमाल।

नैंसी ने बल्ले से भार्गव क्रिकेट अकादमी में मचाया धमाल।

HighLights

  1. नैंसी अग्रहरि ने 83 गेंदों पर नाबाद 123 रन बनाए।

  2. भार्गव अकादमी ने बीपीआरआर अकादमी को 118 रनों से हराया।

  3. नैंसी अग्रहरि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संवाद सूत्र, अमेठी। राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए क्रिकेट मुकाबले में भार्गव क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीपीआरआर क्रिकेट अकादमी टीकरमाफी को 118 रनों से करारी शिकस्त दी। भार्गव अकादमी की जीत की नायिका नैंसी अग्रहरि रहीं, जिन्होंने तूफानी शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भार्गव क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवरों में पांच विकेट खोकर 244 रन बनाए। नैंसी अग्रहरि ने 83 गेंदों पर 13 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 123 रन ठोककर गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

वहीं, ठाकुर यश ने 66 गेंदों पर 78 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से भार्गव अकादमी ने विपक्षी टीम के सामने 245 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

बीपीआरआर की ओर से हिमांशु ने दो विकेट लिए, जबकि विराट और श्रीकांत को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीआरआर क्रिकेट अकादमी की टीम भार्गव अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19.2 ओवरों में 126 रनों पर सिमट गई।

टीम की ओर से शिवांश मिश्रा ने 36 और श्रीकांत मिश्रा ने 33 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान देने में नाकाम रहे। अकादमी की ओर से कृष जायसवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।

आशुतोष द्विवेदी, आविद और सैयद ने दो-दो विकेट हासिल कर विपक्षी टीम की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह भार्गव क्रिकेट अकादमी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार प्रदर्शन कर 118 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

यह भी पढ़ें- अमेठी में 108 ग्राम पंचायतों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी फ्री तैयारी करने की सुविधा