अमेठी में 108 ग्राम पंचायतों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी फ्री तैयारी करने की सुविधा
अमेठी में ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अमेठी में 108 नई डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होंगी।
ग्रामीण छात्रों को मुफ्त प्रतियोगी परीक्षा तैयारी सुविधा।
प्रत्येक लाइब्रेरी पर चार लाख रुपये होंगे खर्च।
देवेंद्र सिंह परिहार, अमेठी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए अब पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। अब छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्राइवेट लाइब्रेरी में नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें पंचायत भवन में ही डिजिटल लाइब्रेरी में तैयारी करने की सुविधा निश्शुल्क मिलेगी। इसके लिए नेशनल बुक ट्रस्ट से पुस्तकें खरीदी जाएंगी।
इसके साथ ही कंप्यूटर, कैमरा आदि पर धनराशि खर्च की जाएंगी। इसके लिए विभाग की ओर से गांवों का चयन किया जा रहा है। जिसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वहीं अब तक जिले में 108 डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराकर संचालन शुरू करा दिया गया है।
108 पंचायतों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
जिले में 682 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें लगभग सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन बनकर तैयार हैं। इसमें 108 ग्राम पंचायतों में बने पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी। छात्र-छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना के लिए चार करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण पंचायत भवन में होने से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने की सुविधा गांव में ही सुलभ होगी। नेशनल बुक ट्रस्ट से 90 हजार रुपये के साथ ही दूसरे प्रकाशकों से भी 90 हजार रुपये की किताबें खरीदी जाएंगी।
प्रत्येक लाइब्रेरी में कंप्यूटर, कैमरा के साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लगाने पर एक लाख तीस हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। 70 हजार रुपये खर्च करके फर्नीचर आदि लगवाए जाएंगे, ताकि छात्रों को बैठने की बेहतर सुविधा मिल सके। विभाग की ओर से गांवों का चयन किया जा रहा है, जल्द ही लाइब्रेरी स्थापित कराए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
108 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में पहले से डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन शुरू करा दिया गया है। 108 और लाइब्रेरी खोले जाने की तैयारी है। गांवों का चयन किया जा रहा है। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना कराई जाएगी। जिससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में काफी लाभ मिलेगा। पंचायत भवन में डिजिटल लाइब्रेरी पर चार लाख रुपये खर्च होंगे। -मनोज कुमार त्यागी, जिला पंचायत राज अधिकारी।
