अमेठी: युवा संसद में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक, जाति जनगणना विधेयक पास
जायस के राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान में युवा संसद का आयोजन हुआ, जहाँ सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
-1793538905242_m.webp)
राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान जायस में रविवार को आयोजित युवा संसद
HighLights
राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान में युवा संसद आयोजित।
सत्ता पक्ष-विपक्ष में विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस।
जातिगत गणना विधेयक ध्वनिमत से हुआ पारित।
संवाद सूत्र, तिलोई (अमेठी)। राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान जायस में रविवार को आयोजित युवा संसद में छात्र-छात्राओं ने संसदीय कार्यप्रणाली का जीवंत प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाई के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस और जोरदार नोकझोंक देखने को मिली। सवालों के तीखे प्रहार और सरकार की ओर से दिए गए जवाबों ने कार्यक्रम को खासा रोचक बना दिया।
युवा संसद में सभापति की भूमिका छात्र ध्रुव सिंह ने निभाई। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। इस दौरान प्रतिभागियों से प्राप्त प्रश्नों में से पीठासीन अधिकारी ने पांच चुनिंदा सवालों को चर्चा के लिए मंजूरी दी। विपक्ष ने सरकार पर जनता की आवाज दबाने, वोट चोरी करने और समाचार चैनलों को खरीदने जैसे गंभीर आरोप लगाए। सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष सत्ता की लालसा में बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है।
विदेश नीति पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने सरकार पर अमेरिका के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। इस पर विदेश मंत्री ने जवाब दिया कि सरकार सभी देशों का सम्मान करती है, लेकिन किसी के दबाव में फैसले नहीं लेती। वहीं, पेपर लीक के मुद्दे पर भी विपक्ष ने सरकार को घेरा। सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि पेपर लीक की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। जिन परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, उन्हें दोबारा निष्पक्ष तरीके से कराया गया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
प्रश्नकाल के बाद सदन में विधेयक पेश किए गए। समलैंगिक विवाह से संबंधित विधेयक पर पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच काफी देर तक बहस हुई, लेकिन बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका। इसके बाद जातिगत गणना कराने का विधेयक सदन में प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्ताव का विपक्षी सदस्यों ने भी समर्थन किया और ध्वनिमत से विधेयक पारित हो गया।
युवा संसद के दौरान हरित मिश्रा, एस. जैस्मिन, काव्या मिश्रा, दिव्यांश शुक्ला, जयंत, शिवम प्रताप सिंह और आकाश शर्मा सहित अन्य प्रतिभागियों ने विभिन्न मुद्दों पर प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।