अमेठी में 2.31 करोड़ से बनेगा नया पुल, औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
अमेठी के जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में सेक्टर 13 और 14 को जोड़ने वाले जर्जर लोहिया पुल की जगह अब 2.31 करोड़ रुपये की लागत से नया, चौड़ा पुल बनेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जगदीशपुर में जर्जर लोहिया पुल की जगह नया निर्माण।
2.31 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा चौड़ा पुल।
औद्योगिक क्षेत्र के विकास और आवागमन में सुधार।
अमित पांडेय, अमेठी। जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 13 और 14 को जोड़ने वाले जर्जर लोहिया पुल के दिन अब बहुरने वाले हैं। वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए इस स्थान पर नया पक्का और चौड़ा पुल बनाया जाएगा। यूपीसीडा ने निर्माण के लिए कार्यदाई संस्था का चयन कर लिया है। करीब 2.31 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। जल्द ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
पुल के निर्माण से औद्योगिक क्षेत्र के दोनों सेक्टरों में आवागमन सुगम होने के साथ औद्योगिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। अभी पुल संकरा होने के कारण बड़े वाहनों को करीब नौ किलोमीटर का चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है। इससे उद्यमियों को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद बाहर भेजने में अतिरिक्त समय व खर्च उठाना पड़ता है।
1984 में बना था लोहिया पुल
जगदीशपुर क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए 1980 के दशक में भूमि अधिग्रहित की गई थी। वर्ष 1984 में लोहिया पुल का निर्माण कराया गया था। समय बीतने के साथ पुल जर्जर और आवागमन के लिहाज से संकरा हो गया।
भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी के कारण सेक्टर 13 और 14 के कई भूखंडों पर उद्योग स्थापित करने में भी उद्यमियों को दिक्कत होती रही है। अब नया पुल बनने से इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है।
20 मई को मुख्यालय भेजा गया था प्रस्ताव
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बीएचयू वाराणसी के प्रोफेसर ने पुल के एस्टीमेट, डिजाइन और ड्राइंग को प्रमाणित किया था। निर्माण खंड-6 सिविल की ओर से 2.68 करोड़ रुपये का आगणन 20 मई 2026 को यूपीसीडा मुख्यालय भेजा गया था। वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के बाद 31 अगस्त को टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई। अब मेसर्स अखंड प्रताप सिंह कंस्ट्रक्शन को 2.31 करोड़ रुपये में निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
सुगम होगा बड़े वाहनों का आवागमन
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह और ईबीसीसी अध्यक्ष मकसूद खान ने कहा कि लोहिया पुल के पक्का और चौड़ा होने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। सेक्टर 13 के अब्दुल जाऊद व सुशील सिंह तथा सेक्टर 14 के मोहम्मद असलम ने बताया कि पुल संकरा होने के कारण बड़े वाहनों को करीब नौ किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। नए पुल के बनने से यह परेशानी खत्म हो जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और यूपीसीडा के सीईओ बलकार सिंह के प्रति आभार जताया।
यह भी पढ़ें- अमेठी के अंश ने नेशनल क्रिकेट टीम में बनाई जगह, शुभी का स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में चयन
इन गांवों को भी मिलेगा लाभ
पुल बनने से सेक्टर 13 और 14 के साथ ढुडेहरी, पूरे लाल खां, लपकना, पूरे तालेवन, नया का पुरवा, सिठौली, पूरे झब्बू, बहुआ, नजरगंज, मत्तेपुर और सरदारगंज समेत कई गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही दोनों सेक्टरों में खाली भूखंडों पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में भी तेजी आने की उम्मीद है।
जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के दो सेक्टरों को जोड़ने वाले संकरे लोहिया पुल के स्थान पर पक्के पुल के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था का चयन हो गया है। शीघ्र ही ठेकेदार को पत्र जारी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पुल बनने के बाद दोनों सेक्टरों के उद्यमियों के साथ आमजन को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
प्रवीण सलोनिया, वरिष्ठ प्रबंधक सिविल, निर्माण खंड-6
