जायस में शुरू हुआ सड़क का निर्माण
अमेठी : जायस की उम्मीदें, अब जल्द ही हकीकत में बदलने वाली है। नगर में सड़क को मजबूत, स्वच्छ
अमेठी : जायस की उम्मीदें, अब जल्द ही हकीकत में बदलने वाली है। नगर में सड़क को मजबूत, स्वच्छ व सुन्दर बनाने का सिलसिला देर से ही सही पर शुरू हो गया। वर्षो पुरानी मांग को खुली आंखों से पूरा होता देख नगर के लोग खुश हैं।
जिले की सबसे पुरानी नगरीय बस्ती जायस में सड़क की हालत कुछ ऐसी हो गई थी। जैसे कोई शहर से दूर किसी पिछड़े हुए गांव की ऊबड़ खाबड़ सड़क हो। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के बाद भी नगर में सड़क पर इतने गड्ढे हो गए थे कि पूरी की पूरी सड़क ही गड्ढ़ों में तब्दील हो गई थी। 11 दिसंबर के अंक में दैनिक जागरण ने सड़क की हालत पर प्रमुखता से स्टोरी छापी थी। खबर के साथ जायस के लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात की और जायस की बदहाल सड़क को प्रमुखता से ठीक करवाने की बात कही। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री की सख्ती के बाद नगर में सड़क को सही करने का काम युद्धस्तर से शुरू हो गया है। पुरानी सड़क को खोदकर नई सड़क का निर्माण हो रहा है। साथ ही नगर में सड़क को चौड़ा भी किया जा रहा है। नगर वासी सड़क निर्माण की तेजी से शुरू हुई प्रक्रिया को देखकर खुश हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पीआरओ विजय गुप्ता ने कहाकि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा। जायस की सड़क को लेकर स्मृति दीदी गंभीर हैं। उन्हीं के प्रयास से इतनी तेजी से काम हो रहा है।