बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, भटकते रहे ग्राहक
अमेठी : जिले के बैंक कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। इस कारण जिलेभर में लगभग पांच कर
अमेठी : जिले के बैंक कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। इस कारण जिलेभर में लगभग पांच करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताल के चलते आम ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक हड़ताल से बाहर रहा।
मंगलवार को बैंकों की हड़ताल होने के कारण उपभोक्ता काफी परेशान रहे। एसबीआई, बीओबी, केनरा, पीएनबी सहित कई बड़े बैंकों में मुख्य गेट पर ताला बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को लेन-देन के अभाव में निराश होकर वापस लौटना पड़ा। बैंकों की हड़ताल का असर एटीएम केंद्र के संचालन पर भी पड़ा। इस कारण उपभोक्ताओं को और अधिक परेशानी उठानी पड़ी। जायस में सभी राष्ट्रीय बैंकों में कर्मचारियों द्वारा अपनी मागों को लेकर की गई हड़ताल से व्यापारियों के साथ ही आमजनों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कस्बा निवासी मजिदुन ने बताया कि उनके यहा पुत्री सबीहा की 25 अगस्त को शादी है। इसके लिए खरीदारी और दूसरी तैयारियों के लिए पैसा लेने आई थी, लेकिन हड़ताल की वजह से पैसा नहीं मिला। सिंहपुर में सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक शाखा कर्मियों की हड़ताल के चलते खाताधारकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के सेमरौता, अहोरवा भवानी, मोहनगंज, इन्हौना, तिलोई, शिवरतनगंज, रस्तामऊ, मोहनगंज सहित अन्य कस्बों में स्थित राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सुबह से ही शाखाओं में ताले लटकते रहे। इस संबंध में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधन मनमोहन शुक्ला ने बताया कि दो करोड़ का चेक क्लीयरेंस और तीन करोड़ की लेनदेन हड़ताल से प्रभावित हुई है।