अमेठी, संवाद सूत्र। सौना गांव के पास पुरानी रंजिश को लेकर बाइक सवार हमलावरों ने एक दंपति और उसकी बेटी को जान से मारने की नीयत से तमंचा से फायर कर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह हड़बड़ा कर सपरिवार सड़क पर गिर गए। हमलावरों ने तीनों की जमकर पिटाई की। जिससे वे बुरी तरह से घायल हो गए।
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया : घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जगदीशपुर के पूरे कथिकन सिधियांवा गांव के रहने वाले राजाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि उसका बेटा राज कुमार बहू सुमित्रा व नातिन शिवांशी के साथ बाइक से ससुराल ब्रम्हचारी कुटी के पास शुक्रवार को निमत्रण गया था।
जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया : देर रात घर लौटते समय सौना के पास घात लगाए बैठे गांव के ही सुनील, भरत लाल, कल्लू ने रंजिश के चलते मोटर साइकिल का पीछा किया। ओवर टेक कर उसके लड़के राजकुमार को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। उसी समय तीनों लोग बाइक से गिर गए।
आरोपितों की तलाश कर रही पुलिस : सुनील समेत तीनों हमलावरों ने लाठी डंडों से उनकी पिटाई भी की। जिससे उनका बेटा राजकुमार बेहोश हो गया। बहू व नातिन को चोटें आई हैं। तीनों की गुहार पर बचाव के लिए राहगीर दौडे़, जिसके बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने शनिवार की शाम रात में मुकदमा दर्ज किया। एसओ निर्मल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।