अमेठी, जागरण टीम: गोरियाबाद चौकी से 50 मीटर की दूरी पर गायत्री नगर मोहल्ले में बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी के घर को अपना निशाना बनाया। घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घुस गए। फौजी के घर से आठ लाख रुपये जेवरात व सामान चुरा ले गए। चोरी की इस घटना पर लोग पुलिस की गश्त पर सवाल उठा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। चोरी की घटना के राजफाश के लिए पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाया। 

गायत्री नगर में रिटायर्ड फौजी ओंकारनाथ शुक्ल का मकान है। वे घर में ताला लगाकर एक महीने पहले सपरिवार सूरत गए थे। उनके घर पर चोरों की निगाह गड़ा दी। ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए। जहां घर के अंदर के सभी कमरों का ताला तोड़कर चोरी की।

चचेरी बहन ने देखा टूटा दरवाजा तो सन्न रह गई 

बुधवार को फौजी की चचेरी बहन सपना निवासी इच्छाराम शुक्ल का पुरवा से घूमते टहलते वहां पहुंची, तो घर के पीछे का दरवाजा टूटा देख सन्न रह गई। इस दौरान घर के अंदर खटपट की आवाज सुन वह पुलिस को सूचना देने के लिए चौकी पर पहुंची। जहां उसे चौकी का ताला बंद मिला। 

फिर सपना ने रिटायर्ड फौजी की बेटी पार्वती को घटना की जानकारी दी। पार्वती लखनऊ से गायत्रीनगर पहुंची। जहां उसे घर के सभी ताले टूटे मिले। बतौर पार्वती सोना, चांदी के जेवरात के साथ हीरे की तीन अंगूठी, कीमती वर्तन, कपड़े चोर चुरा ले गए, जिसकी कीमत आठ लाख से ज्यादा की है। 

सूचना पर पीआरबी के साथ थाने की पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता ने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना का राजफाश किया जाएगा।

Edited By: Shivam Yadav