अमेठी में पैसों के विवाद को लेकर युवक को बाजार से उठाया, पुलिस ने कौशांबी से किया बरामद; तीन गिरफ्तार
अमेठी में पैसों के लेनदेन के विवाद में एक युवक को बाजार से अगवा कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपित। फोटो- जागरण
HighLights
पैसों के लेनदेन के विवाद में युवक का अपहरण हुआ।
पुलिस ने युवक को कौशांबी से सकुशल बरामद किया।
मुख्य आरोपी सहित तीन लोग गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, अमेठी। पैसों के लेनदेन का विवाद इस कदर बढ़ा कि आठ लोगों ने मिलकर युवक को बाजार से अगवा कर लिया। परिवारजन की शिकायत पर पुलिस तलाश में जिले से बाहर तक खाक छानती रही। आखिरकार पुलिस ने कौशांबी से युवक को सकुशल बरामद कर अपहरण की घटना का पर्दाफाश कर दिया। मामले में मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है, जबकि पांच अन्य आरोपितों और अर्टिगा कार की तलाश जारी है।
शाहमऊ निवासी निसार अहमद का बेटा मो. अंसार पहले प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र स्थित जीटीबी नगर की मस्ताना मार्केट में काम करता था। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि 15 नवंबर को अंसार शाहमऊ बाजार में सामान खरीदने गया था। तभी अर्टिगा कार सवार लोग उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर ले गए।
कौशांबी से किया बरामद
काफी तलाश के बाद भी बेटे का पता नहीं चलने पर पिता ने पुलिस को तहरीर दी और उसकी हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सरवणन टी. ने युवक की सकुशल बरामदगी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए मो. अंसार को कौशांबी से सकुशल बरामद कर लिया।
साथ ही प्रयागराज के करेली नगर निवासी मुख्य आरोपित मो. कामरान उर्फ चांद, अतीक अहमद और रूबीन अहमद को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली गई है।
फरार आरोपितों राजा उर्फ रिजवान, अनवर, अदनान अंसारी, आरिफ और नासिर की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। अर्टिगा कार की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।