अमेठी में 9.32 करोड़ की लागत से बन रहा मिनी स्टेडियम, ओपन जिम से लेकर ऑडिटोरियम तक की मिलेगी सुविधा
अमेठी में 9.32 करोड़ रुपये की लागत से एक मिनी स्टेडियम का निर्माण हो रहा है, जिसमें ओपन जिम और ऑडिटोरियम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
खारा गांव में 9.32 करोड़ का मिनी स्टेडियम बन रहा।
ओपन जिम, ऑडिटोरियम जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी युवाओं को।
जून 2027 तक 10,000 से अधिक युवाओं को लाभ मिलेगा।
संवाद सूत्र, सिंहपुर (अमेठी)। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अब संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहना पड़ेगा। खारा गांव में बन रहा ग्रामीण मिनी स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आ रहा है।
करीब नौ करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम में ओपन जिम समेत कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जून 2027 तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से 10 हजार से अधिक युवाओं को खेल और शारीरिक फिटनेस की बेहतर सुविधा मिलेगी।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से खारा ग्राम पंचायत में पांच एकड़ से अधिक भूमि पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। करीब चार माह पहले शुरू हुए निर्माण कार्य में चहारदीवारी और बीम का काम पूरा हो चुका है। परियोजना की कुल लागत नौ करोड़ 32 लाख 22 हजार रुपये है।
शासन की ओर से पहली किश्त के रूप में चार करोड़ 66 लाख 11 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त मैदान और प्रशिक्षण की सुविधा न मिलने से कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते।

स्टेडियम बनने से स्थानीय युवाओं को अभ्यास के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। गांव में ही बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण मिलने से उन्हें ब्लॉक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
ओपन जिम से लेकर ऑडिटोरियम तक की सुविधा
स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए ओपन जिम, ऑडिटोरियम, महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम तथा गार्ड रूम बनाया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए खेल प्रशिक्षक की तैनाती भी होगी। इसके अलावा स्टेडियम की सुरक्षा के लिए आधा दर्जन पीआरडी जवान लगाए जाएंगे। इन सुविधाओं से युवाओं को खेल अभ्यास के साथ फिटनेस पर भी ध्यान देने का अवसर मिलेगा।
गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष महिला और पुरुष वर्ग में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाती हैं। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ब्लाक से जिला, मंडल और प्रदेश स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है।
मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ नई प्रतिभाओं को भी आगे आने का अवसर मिलेगा।
खारा ग्राम पंचायत में पांच एकड़ से अधिक भूमि पर नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेडियम बनने से 10 हजार से अधिक युवाओं को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। -निधि श्रीवास्तव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।