अमेठी के कस्तूरबा विद्यालयों में पढ़ाई के साथ गूंज रही लोकगीतों की मधुर धुन, खरीदे गए वाद्य यंत्र
अमेठी के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राएं अब पढ़ाई के साथ-साथ संगीत और लोकगीतों की शिक्षा भी ले ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अमेठी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बेटियों की सुबह सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रह गई है। संगीतमयी प्रार्थना और लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच छात्राएं अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा को नए पंख दे रही हैं। कहीं ढोलक की थाप गूंज रही है तो कहीं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए छात्राएं लोक संगीत की बारीकियां सीख रही हैं। पढ़ाई के साथ संगीत और सेहत का यह संगम छात्राओं के सर्वांगीण विकास की नई राह खोल रहा है।
जिले के सभी 13 ब्लाकों में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 75 हजार रुपये की लागत से वाद्य यंत्र खरीदे गए हैं। इनका इस्तेमाल भी शुरू हो गया है। सुबह की शुरुआत संगीतमयी प्रार्थना से होती है। इसके बाद छात्राएं लोक संगीत के वाद्य यंत्रों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ उनमें छिपी प्रतिभा को पहचानने और निखारने का अवसर देना है।
वाद्य यंत्रों के अभ्यास से छात्राओं में संगीत की समझ विकसित हो रही है। समूह में अभ्यास करने से उनमें आपसी तालमेल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। लोकगीतों और पारंपरिक धुनों के जरिए वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को करीब से जान रही हैं।
13 विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रही 1537 छात्राएं
जिले के सभी 13 ब्लाकों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित है। इनमें भेटुआ, जगदीशपुर व मुसाफिरखाना में 100 अधिक छात्राएं है। जबकि अन्य 10 में 100 छात्राओं के शिक्षण की व्यवस्था है। ऐसे में कुल 1537 छात्राएं अध्ययनरत है। यहां पढ़ाई के साथ संगीत, कला और शारीरिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इन सुविधाओं से छात्राओं को अपनी रुचि और हुनर पहचानने के साथ उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। किताबों के ज्ञान के साथ सुर, ताल और व्यायाम का यह मेल बेटियों के व्यक्तित्व विकास में नई भूमिका निभा रहा है।
कार्यशाला कराकर प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षिका को प्रशिक्षित किया गया है। प्रतिदिन की प्रार्थना वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि में कराई जा रही है।
संजय तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी