अमेठी अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा, न्याय की मांग लेकर भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
अमेठी के खम्मन लाइफ लाइन अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में परिवार ने न्याय के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

परिवार का आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही के बावजूद दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
HighLights
महिला की प्रसव के बाद अस्पताल में मौत का मामला।
परिवार ने चिकित्सकीय लापरवाही के खिलाफ भूख हड़ताल शुरू की।
दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग।
संवाद सूत्र, मोहनगंज(अमेठी)। अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत का मामला तूल पकड़ रहा है। कथित चिकित्सकीय लापरवाही के खिलाफ न्याय की मांग करते हुए परिवार शुक्रवार को समर्थकों के साथ तिलोई तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया। परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही और दबाव में दोषियों को बचाने का प्रयास हो रहा है।
मामला इन्हौना के आजादपुर स्थित खम्मन लाइफ लाइन हास्पिटल का है। यहां प्रसव के बाद शिवरतनगंज के भुलैया का पुरवा मजरे टिकरी निवासी अवधेश कुमारी की मौत हो गई थी। परिवार ने अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
परिवार का कहना है कि वे न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई दबाव के चलते आगे नहीं बढ़ने का आरोप लगाते हुए परिवार ने भूख हड़ताल शुरू की।
पहले दिन परिवार के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग तहसील परिसर पहुंचे। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र भारती समेत कई लोग धरने पर बैठे। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। देर शाम तक धरना-प्रदर्शन जारी रहा।