विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में घर-घर पहुंचेगी कंगारू मातृ देखभाल, स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई ट्रेनिंग

Published: Fri, 11 Sep 2026 06:22 PM (IST)

अमेठी में स्वास्थ्यकर्मियों को कंगारू मातृ देखभाल (केएमसी) का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि समय से पूर्व जन्मे और कम वजन वाले नवजातों की घर पर बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सके।

घर-घर पहुंचेगी कंगारू मातृ देखभाल।

घर-घर पहुंचेगी कंगारू मातृ देखभाल।

HighLights

  1. फुरसतगंज में स्वास्थ्यकर्मियों को केएमसी का प्रशिक्षण मिला।

  2. समय से पूर्व जन्मे नवजातों की घर पर देखभाल होगी।

  3. आईसीएएमआर और सीईएल के सहयोग से पहल संचालित।

संवाद सूत्र, फुरसतगंज, (अमेठी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को कंगारू मातृ देखभाल (केएमसी) को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर की टीम को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, आशा और आशा संगिनी शामिल हुईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य अस्पताल से छुट्टी के बाद समय से पूर्व जन्मे और कम जन्म वजन वाले नवजातों की देखभाल में निरंतरता बनाए रखना है।

यह पहल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आसीएमआर), जिला स्वास्थ्य समिति और कम्यूनिटी एम्पावरमेंट लैब (सीईएल) के संयुक्त प्रयास एवं तकनीकी सहयोग से संचालित की जा रही है।

‘सक्षम केएमसी’ नाम से चल रही इस पहल के तहत स्वास्थ्यकर्मियों को कंगारू मातृ देखभाल की जानकारी देकर परिवारों को नवजात की बेहतर देखभाल के लिए सक्षम बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण में बताया गया कि समय से पूर्व और कम वजन वाले नवजातों के लिए सुरक्षित त्वचा से त्वचा संपर्क, उचित एवं निरंतर स्तनपान, नियमित निगरानी और परिवार को आवश्यक परामर्श बेहद महत्वपूर्ण है।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सीएचओ, एएनएम, आशा संगिनी और आशा परिवार के साथ मिलकर इन सेवाओं को घर तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। मॉडल के माध्यम से स्वास्थ्य संस्था और परिवार के बीच मजबूत और सतत संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अस्पताल से घर तक गुणवत्तापूर्ण नवजात देखभाल सुनिश्चित हो सके।

इसका फोकस समय से पहले जन्मे और कम जन्म वजन वाले नवजातों की समय पर पहचान, कंगारू मातृ देखभाल की जल्द शुरुआत, परिवारों को निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन और नियमित फॉलोअप पर है।

प्रशिक्षण में चिकित्सा अधीक्षक डा. अभिषेक शुक्ला, एआरओ विवेक कुमार, बीपीएम मनीष श्रीवास्तव, बीसीपीएम साधना, सीईएल की स्टेट केएमसी प्रशिक्षक स्नेहा मिश्रा, सतीश त्रिवेदी और कृष्णा सिंह मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में 70 करोड़ की लागत से मां कामाख्या मार्ग का होगा चौड़ीकरण, श्रद्धालुओं की राह होगी आसान