विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में 1.21 करोड़ की लागत से बनने लगा गुमिया ड्रेन पर पुल, लोगों का 4 साल पुराना इंतजार हुआ खत्म 

Published: Fri, 30 Oct 2026 03:47 PM (IST)

अमेठी के सिंहपुर में जगतपुर और नारायन चक गांव के बीच गुमिया ड्रेन पर 1.21 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण शुरू हो गया है।

सिंहपुर के जगतपुर और नारायन चक गांव के बीच गुमिया ड्रेन पर बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण शुरू।

सिंहपुर के जगतपुर और नारायन चक गांव के बीच गुमिया ड्रेन पर बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण शुरू।

HighLights

  1. गुमिया ड्रेन पर 1.21 करोड़ रुपये का पुल निर्माण शुरू।

  2. चार साल के इंतजार के बाद ग्रामीणों को मिलेगी राहत।

  3. 500 से अधिक किसानों को आवागमन में सुविधा।

संवाद सूत्र, अमेठी। 4 साल से पुल निर्माण की राह देख रहे ग्रामीणों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सिंहपुर के जगतपुर और नारायन चक गांव के बीच गुमिया ड्रेन पर बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से 1.21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले पुल के लिए पहले बाईपास तैयार किया जा रहा है। पुल बनने से 500 से अधिक किसानों के साथ आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

गुमिया ड्रेन के दोनों ओर पक्की सड़कें बनी हैं, लेकिन पुल के अभाव में इनका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा था। ग्रामीणों ने श्रमदान से ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी रास्ता बनाया था। हालांकि बरसात में नाले का पानी ऊपर से बहने लगता है और रास्ता बंद हो जाता है। ऐसे में किसानों को दो से तीन महीने तक करीब पांच किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाकर खेतों तक पहुंचना पड़ता है। दोनों ओर के किसानों की जमीन नाले के आर-पार होने से खेती-किसानी के काम में भी परेशानी होती है।

4 साल बाद धरातल पर उतरी योजना

पुल निर्माण के लिए करीब चार वर्ष पहले तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के कार्यकाल में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने पत्राचार किया था। इसके बाद मंत्रालय के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने पुल का प्राक्कलन तैयार कराया। लंबी प्रक्रिया के बाद अगस्त में धनराशि आवंटित होने पर निर्माण का रास्ता साफ हुआ। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के सहायक अभियंता विनोद कुमार गौतम ने स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं।

स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि गुमिया नाले पर पुल क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत थी। वह पिछले चार साल से इसके निर्माण के लिए प्रयासरत थे। निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो वर्ष 2027 में बरसात से पहले पुल बनकर तैयार हो जाएगा। इससे आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- अमेठी में 138 मतदाताओं के नाम हटाने पर इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, आयोग से मांगा स्पष्टीकरण


पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया टिकरी ग्राम पंचायत के नारायन चक और जगतपुर के बीच पुल न होने से दोनों तरफ बनी सड़कें निष्प्रयोज्य थीं। किसानों और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू करा दिया गया है। सात से आठ महीने में कार्य पूरा कराने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें- अमेठी में मेले में चाट खाने से 102 बच्चे बीमार, 17 अस्पताल में भर्ती